धर्मेन्द्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किए जाने पर भावुक हुईं ईशा देओल

img

भारतीय सिनेमा और कला में विशिष्ट योगदान के लिए दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र को देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान 'पद्य विभूषण' से मरणोपरांत सम्मानित किए जाने के बाद उनकी बेटी और अभिनेत्री ईशा देओल ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया है। यह सम्मान नयी दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में सोमवार को आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह में प्रदान किया गया जिसे अभिनेता की पत्नी हेमा मालिनी ने स्वीकार किया। इस दौरान उनकी बेटी अहाना देओल भी मौजूद थीं।

ईशा देओल ने मंगलवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर हेमा मालिनी के पुरस्कार स्वीकार करते हुए कई तस्वीरें और वीडियो साझा किए। कैप्शन में अभिनेत्री ने इसे "गर्व और भावुकता का क्षण" बताया। उन्होंने लिखा, "गर्व का क्षण, भावनाओं का क्षण। हम दिल से चाहते थे कि वह आज यहां मौजूद होते, साफ सफेद कमीज और नीले सूट में, हमेशा की तरह आकर्षक दिखते हुए एक युवा लड़के की तरह उत्साह से भरे हुए, जो इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को प्राप्त करने जा रहा हो।"

उन्होंने कहा, "कल मेरी मां ने हमारे परिवार का प्रतिनिधित्व करते हुए पुरस्कार ग्रहण किया। और हम सबमें सबसे छोटी, अहाना ने हम छहों बच्चों का प्रतिनिधित्व किया और अपने पिता के सम्मान में आंसू बहाए और तालियां बजाईं। हमारे पिता एक ऐसे व्यक्ति थे जिनसे हम प्यार करते हैं, जिन्हें हम सराहते हैं, जिन्हें हम याद करते हैं और जिन्हें हम गर्व से अपना पापा कहते हैं। वे हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे।" बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का नवंबर 2025 में 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। उन्होंने अपने छह दशक से अधिक लंबे करियर में 300 से अधिक फिल्मों में काम किया था।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement