इबोला के संदिग्ध लक्षणों के बाद सूडान के नागरिक को पृथकवास केंद्र में भेजा गया
हैदराबाद, गुरुवार, 04 जून 2026। हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बृहस्पतिवार को पहुंचे एक सूडानी नागरिक को इबोला जैसे संदिग्ध लक्षण दिखाई देने के बाद आगे की जांच के लिए पृथकवास केंद्र में भेजा गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यात्री हाल ही में दक्षिण सूडान और युगांडा की यात्रा कर लौटा था। कुछ देशों में इबोला वायरस रोग के प्रकोप की खबरों के मद्देनज़र, हवाई अड्डा स्वास्थ्य संगठन ने सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की जांच के लिए एक स्क्रीनिंग केंद्र स्थापित किया है। एक अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, "यह इबोला का पुष्ट मामला नहीं है। यात्री का प्रभावित देशों में यात्रा का इतिहास रहा है। फिलहाल इसे संदिग्ध मामला माना जा रहा है क्योंकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उसमें अन्य लक्षण विकसित होंगे या नहीं। जांच और पुष्टि के बाद ही उसे इबोला का मामला घोषित किया जा सकता है।"
हैदराबाद स्थित सरकारी गांधी अस्पताल ने संदिग्ध मरीज को निगरानी में रखने और आगे की जांच करने के लिए एक इबोला पृथकवास केंद्र स्थापित किया है। पिछले महीने, हैदराबाद हवाई अड्डे ने एक परामर्श जारी कर कहा था कि वह कुछ देशों में इबोला वायरस के प्रकोप को देखते हुए नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी नवीनतम निर्देशों के अनुरूप सार्वजनिक स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी कड़े एहतियाती उपाय लागू कर रहा है।
Similar Post
-
दिल्ली: व्यापारी से 22 लाख रुपये के रत्न चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, शनिवार, 19 जुलाई 2026। दिल्ली पुलिस ने एक व्यापारी का ...
-
अभिषेक बनर्जी के कार्यालय को गिराने के मामले में यथास्थिति बनाए रखने का आदेश
कोलकाता, शनिवार, 19 जुलाई 2026। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पश्चिम ...
-
अहमदाबाद पटाखा फैक्टरी विस्फोट: तीन साझेदार गिरफ्तार, लाइसेंस खत्म होने के बावजूद जारी था काम
अहमदाबाद, शनिवार, 19 जुलाई 2026। अहमदाबाद के रामोल इलाके में अव ...
