छत्तीसगढ़: तस्करी करके महाराष्ट्र ले जाई जा रही 50 लाख रुपये की शराब जब्त, ट्रक चालक गिरफ्तार
मानपुर (छत्तीसगढ़), रविवार, 07 जून 2026। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में पुलिस ने एक ट्रक से 50.28 लाख रुपये मूल्य की शराब के 800 बॉक्स जब्त किए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह खेप महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले की सीमा के पास स्थित गांवों में अवैध रूप से भेजी जानी थी जहां शराब की दुकानें नहीं हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाईपी सिंह ने बताया कि शनिवार को ट्रक रोके जाने के बाद, चालक ने कथित तौर पर पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि अंबिकापुर में पंजीकृत एक सफेद ट्रक अंबागढ़ चौकी, मोहला, मानपुर और औंधी क्षेत्र से होते हुए महाराष्ट्र सीमा की ओर भारी मात्रा में अवैध शराब ले जा रहा है। सूचना मिलने पर, उप मंडल मजिस्ट्रेट कार्यालय के पास एक जांच चौकी स्थापित की गई। उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस ने मानपुर स्थित एसडीएम कार्यालय के पास ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। अधिकारी ने बताया कि वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से व्हिस्की और बीयर के लगभग 800 बॉक्स में अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 50.28 लाख रुपये है।
पूछताछ के दौरान, महाराष्ट्र के नागपुर निवासी बलराम सिंह डांगी नामक चालक ने पुलिस को बताया कि यह खेप मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र से लादी गई थी और महाराष्ट्र सीमा की ओर ले जाई जा रही थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने दावा किया कि शैलेश नामक व्यक्ति की मदद से शराब को महाराष्ट्र में उतारा जाना था। पुलिस ने बताया कि चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य संलिप्त लोगों की पहचान करने तथा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के लिए जांच जारी है।
Similar Post
-
कॉजपा के प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों और वकीलों पर पुलिस कार्रवाई की एससीबीए ने निंदा की
नई दिल्ली, बुधवार, 22 जुलाई 2026। उच्चतम न्यायालय बार एसोसिएशन ( ...
-
जौहर विश्वविद्यालय की इमारतें ध्वस्त करने का आदेश 'विवेकहीन फैसला' : थरूर
नई दिल्ली, बुधवार, 22 जुलाई 2026। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने उत्त ...
-
राहुल गांधी की हिरासत लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला : गोवा कांग्रेस
पणजी, बुधवार, 22 जुलाई 2026। गोवा में कांग्रेस नेताओं ने बुधवार ...
