केरल में मानसून सक्रिय, तीन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी
तिरुवनंतपुरम, सोमवार, 08 जून 2026। केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून सोमवार को भी सक्रिय बना रहा और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के तीन उत्तरी जिलों में मंगलवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। केरल में भारी बारिश और तेज हवाओं के बीच मलप्पुरम और पलक्कड़ में दो लोगों की मौत की खबर है, जबकि राज्य के विभिन्न हिस्सों से कई इमारतों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं भी सामने आई हैं। पुलिस ने बताया कि मलप्पुरम जिले के चंगारामकुलम में सोमवार सुबह मछली पकड़ने के दौरान पानी में डूबने से 15 वर्षीय लड़के की मौत हो गई। उसने बताया कि मृतक की पहचान मुर्शिद के रूप में हुई। पुलिस ने घटना के सिलसिले में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, पलक्कड़ जिले के कुजलमन्नम में 30 वर्षीय व्यक्ति की कुएं की सफाई करते समय मिट्टी धंसने से मौत हो गई। उसने बताया कि मृतक की पहचान पेरिंगकुन्नम निवासी रामदास के रूप में हुई, जिसे कुआं साफ करने के काम पर रखा गया था। पुलिस ने बताया कि यह घटना पूर्वाह्न करीब 10:30 बजे हुई। आईएमडी के अनुसार, कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में मंगलवार को 24 घंटों में 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश होने के पूर्वानुमान के मद्देनजर रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों के लिए सोमवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया। ऑरेंज अलर्ट कहीं-कहीं 11 सेंटीमीटर से 20 सेंटीमीटर के बीच बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताने के लिए जारी किया जाता है।
मंगलवार के लिए मलप्पुरम और वायनाड जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को पलक्कड़, त्रिशूर, एर्नाकुलम, इडुक्की, कोट्टायम और पत्तनमथिट्ठा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। येलो अलर्ट कहीं-कहीं 6 सेंटीमीटर से 11 सेंटीमीटर के बीच भारी वर्षा होने का पूर्वानुमान जताने के लिए जारी किया जाता है। सोमवार के लिए तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पत्तनमथिट्ठा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम और वायनाड जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया था।
मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है, क्योंकि केरल के तटों और उनके आसपास के क्षेत्रों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। भारी वर्षा के पूर्वानुमान को देखते हुए राज्य में कई पर्यटन स्थलों को एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने भूस्खलन, मिट्टी धंसने और अचानक आने वाली बाढ़ से निवासियों को सतर्क रहने और अधिकारियों द्वारा सलाह दिए जाने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने का आग्रह किया है। नदियों के किनारे और बांधों के निचले हिस्सों में रहने वाले लोगों से भी सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।
Similar Post
-
दिल्ली में सांसदों के साथ बैठक 'बड़ी सफलता' : मुख्यमंत्री शिवकुमार
बेंगलुरु, मंगलवार, 28 जुलाई 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के ...
-
पीडीपी अनुच्छेद-370 को बहाल करने की मांग को लेकर पांच अगस्त को प्रदर्शन करेगी : महबूबा
श्रीनगर, मंगलवार, 28 जुलाई 2026। पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीड ...
-
पब्लिक एग्जामिनेशन अमेंडमेंट बिल पर संजय राउत का तंज, मोदी सरकार के नए विधेयक को बताया महज एक राजनीतिक मायाजाल
नई दिल्ली, मंगलवार, 28 जुलाई 2026। देश भर में चल रहे छात्र आंदोलन ...
