बिहार के मुख्यमंत्री 'ओछी राजनीति' कर रहे हैं : तेजस्वी
पटना, मंगलवार, 09 जून 2026। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से सरकारी आवास खाली कराने तथा उनके परिवार के कई सदस्यों की सुरक्षा में कटौती करने को लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह 'ओछी राजनीति' कर रहे हैं। यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार पर भ्रष्ट अधिकारियों और अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया और दावा किया कि राज्य में कानून व्यवस्था ''पूरी तरह से ध्वस्त'' हो गई है।
तेजस्वी यादव ने पटना हवाई अड्डे पर संवाददाताओं द्वारा उनकी मां राबड़ी देवी के आवास को लेकर हालिया घटनाक्रम के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, '' मैं आप सबको बता दूं कि सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि 'चीप मंत्री' हैं। मकान और हमारी सुरक्षा को लेकर उनकी बयानबाजी सरकार की विफलताओं से लोगों का ध्यान भटकाने की सस्ती कोशिश है। उनकी सरकार भ्रष्टाचार के मामलों से घिरी हुई है और केवल खोखले दावों पर चल रही है।''
उन्होंने सवाल किया, ''सरकार राबड़ी देवी को आवंटित आवास को किसी मंत्री को देने पर इतना जोर क्यों दे रही है? उन्हें यह बंगला पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते आवंटित किया गया था। क्या उनका वह दर्जा बदल सकता है? और मुझे अलग से आवास आवंटित किए जाने पर इतना हंगामा क्यों किया जा रहा है? मैं नेता प्रतिपक्ष हूं। क्या सरकार मुझ पर कोई एहसान कर रही है?'' तेजस्वी यादव ने मीडिया के एक वर्ग में आई उन खबरों पर कोई टिप्पणी नहीं की, जिनमें कहा गया है कि राबड़ी देवी ने 10, सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने पर सहमति दे दी है और वह अगले सप्ताह तक परिवार के निजी मकान में स्थानांतरित हो सकती हैं।
उन्होंने हालांकि, राबड़ी देवी के आवास पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को कथित तौर पर हटाए जाने के सवाल पर कहा, ''हम अपनी सुरक्षा के लिए सरकार पर निर्भर नहीं हैं। मुझे अपने पार्टी कार्यकर्ताओं की निष्ठा और साहस पर गर्व है, जो उनकी सुरक्षा के लिए वहां डटे हुए हैं।'' करीब पखवाड़े भर के बाद राष्ट्रीय राजधानी से पटना लौटे तेजस्वी यादव सोमवार को आयोजित 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस' (इंडिया गठबंधन) की बैठक में भी शामिल हुए थे। उनके साथ राजद के संस्थापक अध्यक्ष लालू प्रसाद और बड़ी बहन तथा पाटलिपुत्र से सांसद मीसा भारती भी थीं।
वहीं, मीसा भारती ने आरोप लगाया, ''बिहार में भाजपा नेतृत्व वाली नयी सरकार बनने के बाद से हम केवल गौरक्षा, मंदिर और हिंदू-मुस्लिम जैसे मुद्दों की बातें सुन रहे हैं। अपराधियों को जमीन के नीचे से भी ढूंढ़ निकालने के दावे धरातल पर कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ''जब सरकार को लगा कि ये ध्यान भटकाने वाले मुद्दे पर्याप्त नहीं हैं, तो अब वह मकान और सुरक्षा के मामले को लेकर हम पर हमला कर रही है। लेकिन उन्होंने हमें एक अच्छा सबक सिखाया है। जब जनता वर्तमान विपक्षी दलों को जनादेश देगी, तब उन्हें उसी भाषा में जवाब मिलेगा।''
Similar Post
-
नासिक कुंभ मेला: श्रद्धालुओं को उपयोगी जानकारी, आपातकालीन सहायता देने के लिए नि:शुल्क ऐप विकसित
मुंबई, मंगलवार, 09 जून 2026। महाराष्ट्र में होने वाले 'नासिक-त् ...
-
बिहार के मुख्यमंत्री 'ओछी राजनीति' कर रहे हैं : तेजस्वी
पटना, मंगलवार, 09 जून 2026। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी ...
-
बिहार में उद्योग लगाने की प्रक्रिया हुई आसान, 30 दिन में स्वीकृति नहीं मिलने पर मिलेगा ‘डीम्ड क्लीयरेंस’ : सम्राट चौधरी
पटना, मंगलवार, 09 जून 2026। बिहार सरकार ने राज्य में निवेश और औद् ...
