लखनऊ में रेल पटरी पर रखा दिखा लोहे का फ्रेम, ट्रेन के लोको पायलट की सूझबूझ से टला हादसा

img

लखनऊ, रविवार, 14 जून 2026। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दिलकुशा के पास रेलवे ट्रैक पर लोहे का भारी फ्रेम रखा होने के कारण एक यात्री ट्रेन के चालक को आपातकालीन ब्रेक लगाना पड़ा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रेन नंबर 13006 पंजाब मेल के लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए आपातकालीन ब्रेक लगाए, जिससे जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, घटना शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे हुई थी। उन्होंने बताया कि ट्रेन जब आगे बढ़ रही थी तभी लोको पायलट ने पटरी पर लोहे का भारी फ्रेम पड़ा देखा, जो किसी दरवाजे का हिस्सा लग रहा था। अधिकारियों के मुताबिक पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए, हालांकि ट्रेन की गति कम होने के बावजूद इंजन फ्रेम से टकरा गया, लेकिन कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर रेलवे और रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और इंजन से लोहे का टुकड़ा हटाया। साथ ही जांच के लिए फ्रेम को जब्त कर लिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि रेलवे की लिखित शिकायत पर कैंटोनमेंट थाने में रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। कैंट थाने की प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) गुरप्रीत कौर ने बताया कि पुलिस और सर्विलांस टीम आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में यह शरारती तत्वों या नशे के आदी लोगों की हरकत लग रही है, हालांकि किसी बड़ी साजिश की आशंका को देखते हुए खुफिया एजेंसियों को भी जानकारी दे दी गई है। रेलवे और पुलिस की टीम संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं।
 

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement