आमिर खान की 'लगान' 18 जून तक सिनेमाघरों में दिखाई जाएगी
अभिनेता आमिर खान की ऑस्कर के लिए नामांकित हो चुकी फिल्म 'लगान' के सिनेमाघरों में पुन: प्रदर्शन (री-रिलीज) की अवधि बढ़ाकर 18 जून तक कर दी गई है। एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि फिल्म निर्माताओं ने इस महीने की शुरुआत में फिल्म की रिलीज के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इसके पुन: प्रदर्शन की घोषणा की थी। यह विशेष प्रदर्शन 12 जून से 14 जून तक निर्धारित था, लेकिन ''दर्शकों की भारी मांग'' को देखते हुए इसकी अवधि 18 जून तक बढ़ा दी गई है। पंद्रह जून 2001 को रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन आशुतोष गोवारिकर ने किया था। यह फिल्म एक ऐसे क्रिकेट मैच की कहानी पर आधारित है, जिसमें बिना प्रशिक्षण वाले ग्रामीणों का एक समूह अपने ब्रिटिश औपनिवेशिक शासकों को चुनौती देता है।
'लगान' को 74वें अकादमी पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म श्रेणी में नामांकन मिला था। फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों दोनों से व्यापक सराहना मिली थी। फिल्म में आमिर खान के अलावा ग्रेसी सिंह, रेचल शेली, पॉल ब्लैकथॉर्न, सुहासिनी मुले, कुलभूषण खरबंदा और राजेंद्र गुप्ता सहित कई कलाकारों ने अभिनय किया था। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने तैयार किया था। इसके गीत 'घनन घनन', 'मितवा', 'राधा कैसे न जले' और 'ओ रे छोरी' आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं। फिल्म को 49वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म सहित कुल आठ पुरस्कार मिले थे।
Similar Post
-
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की क्लोजिंग सेरेमनी में शंकर महादेवन भी देंगे प्रस्तुति
मशहूर संगीतकार और गायक शंकर महादेवन कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की क्लोजिंग ...
-
11 अगस्त को आएगा मिर्ज़ापुर: दि मूवी का ट्रेलर
लोकप्रिय वेब सीरीज मिर्ज़ापुर के बड़े पर्दे के रूपांतरण मिर्ज़ापु ...
-
टाइगर श्रॉफ रेमो डिसूज़ा की फिल्म में नजर आएंगे
अभिनेता टाइगर श्रॉफ कोरियोग्राफर से फिल्मकार बने रेमो डिसूजा के न ...
