पंजाब पुलिस ने विदेशी आकाओं से जुड़े गैंगस्टर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया, तीन गिरफ्तार
चंडीगढ़, रविवार, 21 जून 2026। पंजाब पुलिस ने विदेशी आकाओं से जुड़े एक गैंगस्टर मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए इसके तीन गुर्गों को गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि इनके पास से विदेश निर्मित तीन आधुनिक पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं। यादव ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि यह कार्रवाई राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ (एसएसओसी), अमृतसर और काउन्टर इंटेलीजेंस, जालंधर ने एक केंद्रीय एजेंसी के समन्वय से की। यादव ने लिखा, ''संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एसएसओसी, अमृतसर और काउन्टर इंटेलीजेंस, जालंधर ने एक केंद्रीय एजेंसी के साथ समन्वय में, विदेश में बैठे आकाओं से जुड़े एक गैंगस्टर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।'' उन्होंने बताया कि इस मामले में अमृतसर के एसएसओसी पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
डीजीपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे उन गैंगस्टरों के निर्देश पर काम कर रहे थे, जो पंजाब में गैंगवार, जबरन वसूली और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जांच में यह भी पाया गया कि आरोपी अपने विदेशी आकाओं के इशारे पर हथियारों की खेप भी पहुंचाते थे और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अनमोल सिंह उर्फ मोहला और जगरूप सिंह उर्फ रूपा (दोनों बटाला निवासी) तथा अमृतसर के गेट हकीमा स्थित कवाड़ियां वाली पुली निवासी मोहित कुमार उर्फ जोबन के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि ये तीनों अमृतसर में दर्ज हत्या के एक मामले और बटाला में हत्या की कोशिश के एक मामले से भी जुड़े हैं।
Similar Post
-
वक्फ (संशोधन) अधिनियम की वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई 21 जनवरी तक टली
नई दिल्ली, मंगलवार, 04 नवम्बर 2026। उच्चतम न्यायालय ने वक्फ (संश ...
-
भारतीय नौसेना ने सोमालिया तट के पास समुद्री डाकुओं के कब्जे से 20 लोगों को छुड़ाया
नई दिल्ली, मंगलवार, 04 नवम्बर 2026। भारतीय नौसेना ने 48 घंटे से अध ...
-
कांग्रेस नेताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष विजयेंद्र ने मांगी माफी
बेंगलुरु/कोलार, मंगलवार, 04 नवम्बर 2026। भारतीय जनता पार्टी (भा ...
