भविष्य के युद्धों में रणनीतिक अवसंरचना की भूमिका निर्णायक रहेगी : राजनाथ
नई दिल्ली, गुरुवार, 16 जुलाई 2026। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि अत्याधुनिक हथियारों और आधुनिक सैन्य प्रौद्योगिकियों के बावजूद सड़कें, सुरंगें, हवाई अड्डे और बंदरगाह जैसे सामरिक अवसंरचना सैन्य अभियानों के लिए भविष्य में भी अत्यंत महत्वपूर्ण रहेंगी। सिंह ने गुरुवार को यहां सीमा सड़क संगठन रणनीतिक अवसंरचना सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सैनिकों को मोर्चे तक पहुंचाने वाली सड़क भी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितना कि सीमा पर तैनात सैनिक, इसलिए अवसंरचना का निर्माण करने वाले भी राष्ट्रीय सुरक्षा के समान रूप से महत्वपूर्ण प्रहरी हैं।
रक्षा मंत्री ने सीमा सड़क संगठन की सराहना करते हुए कहा कि उसने एक साधारण सड़क निर्माण एजेंसी से विश्व के प्रतिष्ठित सामरिक अवसंरचना संगठनों में स्थान बनाया है। उन्होंने अटल सुरंग, सेला सुरंग और उमलिंग ला दर्रा जैसी परियोजनाओं को संगठन की इंजीनियरिंग क्षमता और उत्कृष्ट कार्य का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सरकार आधुनिक अवसंरचना और वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्रों में संपर्क व्यवस्था को मजबूत कर राष्ट्रीय सुरक्षा को सुदृढ़ करने तथा वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में कार्य कर रही है।
सिंह ने इस अवसर पर सीमा सड़क संगठन की नई डिजिटल परियोजना प्रबंधन और भर्ती प्रणालियों का शुभारंभ किया, संगठन के तीन प्रमुख प्रकाशनों का विमोचन किया, बीआरओ गान का अनावरण किया तथा अवसंरचना विकास में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली परियोजनाओं को सम्मानित किया। दो दिवसीय सम्मेलन में सीमावर्ती क्षेत्रों में सामरिक अवसंरचना विकास को गति देने के लिए प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवाचार और सतत निर्माण पद्धतियों पर विचार-विमर्श किया गया।
Similar Post
-
दिल्ली में सांसदों के साथ बैठक 'बड़ी सफलता' : मुख्यमंत्री शिवकुमार
बेंगलुरु, मंगलवार, 28 जुलाई 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के ...
-
पीडीपी अनुच्छेद-370 को बहाल करने की मांग को लेकर पांच अगस्त को प्रदर्शन करेगी : महबूबा
श्रीनगर, मंगलवार, 28 जुलाई 2026। पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीड ...
-
पब्लिक एग्जामिनेशन अमेंडमेंट बिल पर संजय राउत का तंज, मोदी सरकार के नए विधेयक को बताया महज एक राजनीतिक मायाजाल
नई दिल्ली, मंगलवार, 28 जुलाई 2026। देश भर में चल रहे छात्र आंदोलन ...
