जम्मू-कश्मीर: कांग्रेस के मार्च को पुलिस ने रोका, हिरासत में लिए गए कई नेता
जम्मू, शनिवार, 19 जुलाई 2026। जम्मू-कश्मीर को जल्द से जल्द पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित ज्ञापन सौंपने के लिए लोक भवन की ओर निकाले गए कांग्रेस के मार्च को पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर सोमवार को दिल्ली में होने वाले नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रदर्शन से एक दिन पहले कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष तारिक हामिद कर्रा के नेतृत्व में यह मार्च निकाला। मार्च से पहले सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के बीचों-बीच महाराजा हरि सिंह पार्क में शांतिपूर्ण धरना दिया और राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग के समर्थन में नारे लगाए। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने ज्वेल चौक पर सड़क पर अवरोधक लगा दिए और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लोक भवन तक जाने से रोक दिया, जहां उन्हें ज्ञापन सौंपना था।
प्रदर्शनकारियों ने अवरोधक पार करने की कोशिश की, जिसके बाद थोड़ी देर धक्का-मुक्की हुई। अधिकारियों ने बताया कि कर्रा, एआईसीसी महासचिव जी ए मीर, कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला और कई पूर्व मंत्रियों व विधायकों समेत कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। इससे पहले पत्रकारों के साथ बातचीत में कर्रा ने कहा कि कांग्रेस करीब दो साल से राज्य का दर्जा बहाल कराने के लिए अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिला स्तर के कार्यक्रमों, भूख हड़ताल और 'चलो श्रीनगर', 'चलो जम्मू' और 'चलो दिल्ली'' जैसे अभियानों के माध्यम से जम्मू-कश्मीर के सभी 20 जिलों तक यह संदेश पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि ज्ञापन उपराज्यपाल के आवास पर सौंपा जाना था, ताकि उसे राष्ट्रपति तक भेजा जा सके। कर्रा ने यह भी बताया कि पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए जिला स्तर पर दूसरे दौर के कार्यक्रम किए जाएंगे और कठुआ के लखनपुर से उत्तर कश्मीर के लोलाब तक लंबी पदयात्रा निकालने पर भी विचार किया जा रहा है। सोमवार को जंतर-मंतर पर होने वाले नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रदर्शन में कांग्रेस की भागीदारी के सवाल पर कर्रा ने कहा कि वह और मीर नयी दिल्ली जा रहे हैं, जबकि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा कि कौन-कौन से नेता इसमें शामिल होंगे।
Similar Post
-
उप्र के विभिन्न जिलों में चोर गिरोह के छह सदस्य तीन मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
बहराइच (उप्र), मंगलवार, 21 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश के लखनऊ, प् ...
-
माकपा ने जनगणना नियमों में किए गए संशोधनों को वापस लेने के लिए राष्ट्रपति को पत्र लिखा
नई दिल्ली, मंगलवार, 21 अक्टूबर 2026। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पा ...
-
दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से पहले अफवाह फैलाने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी कोलकाता पुलिस
कोलकाता, मंगलवार, 21 अक्टूबर 2026। कोलकाता में चोरबागान दुर्गा ...
