'आप' ने कॉजपा के प्रदर्शनकारियों की कानूनी, चिकित्सकीय सहायता के लिए हेल्पलाइन शुरू की
नई दिल्ली, मंगलवार, 21 जुलाई 2026। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शनकारियों पर उसकी कार्रवाई अंग्रेजों की बर्बरता से भी बदतर थी। केजरीवाल ने कहा कि पार्टी ने घायल प्रदर्शनकारियों को चिकित्सकीय सहायता और हिरासत में लिए गए छात्रों के परिजनों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। केजरीवाल ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ''युवा प्रदर्शनकारियों पर हमने पुलिस की बर्बरता देखी! यहां तक कि अंग्रेजों ने भी स्वतंत्रता सेनानियों पर उस तरह का जुल्म नहीं ढाया जैसा नरेन्द्र मोदी सरकार ने हमारे बच्चों पर किया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि पुलिस बिना किसी उकसावे के लड़कियों और छात्रों को लगातार पीटती रही और उन पर लाठी बरसाती रही।'' उन्होंने इन दृश्यों की तुलना 1919 में जलियांवाला बाग में जनरल डायर द्वारा की गई बर्बरता से की।
केजरीवाल ने कहा, ''मैं प्रदर्शनकारियों के माता-पिता और परिजनों से कहना चाहता हूं कि आपको डरने की जरूरत नहीं है, हम आपके साथ हैं। हेल्पलाइन नंबर पर संदेश भेजें। हम आपसे संपर्क करेंगे, और कानूनी सहायता तथा चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराएंगे।'' दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह खुद इस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा नहीं ले सके, लेकिन उनके दोनों बच्चे प्रदर्शनकारियों के साथ मार्च में शामिल हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, ''मोदी जी, आप देश के सबसे बड़े राष्ट्रविरोधी हैं। आप हमारे छात्रों को 'राष्ट्रविरोधी' कह रहे हैं लेकिन आप प्रश्न पत्र लीक रोकने में नाकाम रहे हैं।'' संवाददाता सम्मेलन के बाद केजरीवाल संसद मार्ग थाना पहुंचे।
उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''अभी संसद मार्ग थाना आया हूं। पुलिस उपायुक्त से मिलने के लिए अभी उनके कमरे के बाहर बैठा हुआ हूं। उनका इंतजार कर रहा। पुलिस ये जानकारी सार्वजनिक करे -- कल के प्रदर्शन से संबंधित जितनी प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, उसकी पूरी सूची। और, जिन बच्चों को बिना प्राथमिकी के गिरफ्तार किया गया है, उनकी सूची और वे किस जेल में हैं।'' उन्होंने कहा कि किसी बच्चे को या उनके माता-पिता को चिंता करने की ज़रूरत नहीं है। केजरीवाल ने कहा, ''आप हमारे हैं। आपको कुछ नहीं होने देंगे।''
Similar Post
-
उप्र के विभिन्न जिलों में चोर गिरोह के छह सदस्य तीन मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
बहराइच (उप्र), मंगलवार, 21 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश के लखनऊ, प् ...
-
माकपा ने जनगणना नियमों में किए गए संशोधनों को वापस लेने के लिए राष्ट्रपति को पत्र लिखा
नई दिल्ली, मंगलवार, 21 अक्टूबर 2026। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पा ...
-
दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से पहले अफवाह फैलाने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी कोलकाता पुलिस
कोलकाता, मंगलवार, 21 अक्टूबर 2026। कोलकाता में चोरबागान दुर्गा ...
