नीट मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के प्रति दिलजीत दोसांझ ने जताया समर्थन
गायक एवं अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन करते हुए अधिकारियों से उनकी मांगों पर ध्यान देने की अपील की है। 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के बैनर तले सोमवार को नयी दिल्ली में 'चलो संसद' मार्च का आयोजन किया गया था। इसमें हजारों प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तथा प्रश्नपत्र लीक और शिक्षा क्षेत्र में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में संसद की ओर मार्च किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और प्रदर्शन को रोकने के लिए बलप्रयोग किया।
दोसांझ से इस मुद्दे पर पहले भी प्रतिक्रिया पूछी गई थी, लेकिन उन्होंने खुद को यह कहते हुए इससे अलग रखा था कि वह ''कलाकार हैं, राजनीतिक नेता नहीं।'' हालांकि, मंगलवार को अभिनेता ने अपने 'इंस्टाग्राम स्टोरी' पर एक संदेश साझा करते हुए कहा कि छात्रों के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए था। उन्होंने लिखा, ''आज जो हुआ वह बहुत गलत था। छात्रों के साथ ऐसा व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए था। मैं अधिकारियों से अनुरोध करता हूं कि वे छात्रों की मांगों को सुनें।''
दोसांझ ने कहा कि वर्ष 2020 के किसान आंदोलन के दौरान समर्थन जताने के बाद उन्हें काफी आलोचना और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि उन्हें कई बार ''राष्ट्र-विरोधी'' कहा गया। उन्होंने कहा, ''मुझे पहले भी कई बार 'राष्ट्र-विरोधी' कहा जा चुका है। अब भी मुझे पता है कि मुझे फिर राष्ट्र-विरोधी कहा जाएगा... किसान आंदोलन के बाद मुझे काफी आलोचना और कानूनी समस्याओं का सामना करना पड़ा, जिनके बारे में मैं आज भी खुलकर बात नहीं कर सकता।'' नीट मुद्दे पर छात्रों के समर्थन में अभिनेता ऋतिक रोशन, दिया मिर्जा, नसीरुद्दीन शाह, सोनाक्षी सिन्हा और शबाना आज़मी सहित कई अन्य फिल्मी हस्तियों ने भी अपनी आवाज उठाई है।
Similar Post
-
'जन नायकन' के नए प्रचार पोस्टर जारी, 23 जुलाई को होगी रिलीज
केवीएन प्रोडक्शंस ने मंगलवार को फिल्म 'जन नायकन' का नया प्रचार पो ...
-
नीट मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के प्रति दिलजीत दोसांझ ने जताया समर्थन
गायक एवं अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओ ...
-
रितेश और जेनेलिया ने नीट प्रदर्शनकारी छात्रों का समर्थन किया, कहा- उनकी आवाज सुनी जानी चाहिए
अभिनेता रितेश देशमुख और अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख ने नीट परीक्षा ...
