राहुल-प्रियंका की हिरासत के विरोध में लोक भवन घेराव, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता हिरासत में
बेंगलुरु, बुधवार, 22 जुलाई 2026। कर्नाटक पुलिस ने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तब हिरासत में ले लिया गया, जब उन्होंने नीट प्रश्नपत्र लीक को लेकर राष्ट्रीय राजधानी में प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी को मंगलवार को हिरासत में लिये जाने के विरोध में यहां लोक भवन का घेराव करने की कोशिश की। कर्नाटक प्रदेश युवा कांग्रेस समिति (केपीवाईसीसी) के सैकड़ों पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा नीत केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शनों को दबाने का आरोप लगाते हुए लोक भवन तक मार्च किया। प्रदर्शन उस समय उग्र हो गया, जब प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेड तोड़कर सरकारी परिसर की ओर बढ़ने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर दिया।
प्रदर्शन की अगुवाई करते हुए प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष एचएस मंजूनाथ गौड़ा ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का विरोध करने पर श्री गांधी को हिरासत में लेना केंद्र सरकार की 'राजनीतिक धमकाने' की रणनीति है। गौड़ा ने कहा, "मोदी सरकार ने पेपर लीक पर सवालों का जवाब देने के बजाय छात्रों और नेता प्रतिपक्ष की आवाज को दबाना चुना है। हिरासत में लेने और पुलिस कार्रवाई से लोकतांत्रिक विरोध को दबाया नहीं जा सकता।" युवा कांग्रेस ने प्रदर्शनों में शामिल छात्रों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकियों को वापस लेने की मांग के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने भी श्री गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिए जाने की निंदा की। उन्होंने पुलिस का प्रदर्शनकारियों के साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी की रिपोर्टों एवं तस्वीरों को 'बेहद व्यथित करने वाला' बताया। सिद्दारमैया ने एक बयान में कहा, "प्रधानमंत्री को असहमति की आवाज दबाने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल बंद करना चाहिए और देश के सवालों के जवाब देने शुरू करने चाहिए।" वहीं भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री एस सुरेश कुमार ने पलटवार करते हुए कहा कि नीट पेपर लीक से प्रभावित 'असली और निर्दोष छात्रों' के प्रति एकजुटता जतायी, जबकि राष्ट्रविरोधी तत्वों पर इन प्रदर्शनों का फायदा उठाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा पेपर लीक के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का पूरी तरह समर्थन करती है लेकिन छात्र प्रदर्शनों के नाम पर की जाने वाली हिंसा या तोड़फोड़ का कतई समर्थन नहीं करेगी। बेंगलुरु में यह प्रदर्शन श्री गांधी और श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा को हिरासत में लिये जाने के खिलाफ कांग्रेस के देशभर में किये जा रहे प्रदर्शनों के बीच हुआ, जिसमें पार्टी ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने और नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के जिम्मेदार लोगों को बचाने का आरोप लगाया है।
Similar Post
-
उप्र : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया
लखनऊ, बुधवार, 22 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने दिल्ली मे ...
-
राहुल-प्रियंका की हिरासत के विरोध में लोक भवन घेराव, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता हिरासत में
बेंगलुरु, बुधवार, 22 जुलाई 2026। कर्नाटक पुलिस ने युवा कांग्रेस ...
-
हिमाचल प्रदेश: भारी बारिश को लेकर जारी 'रेड अलर्ट' के मद्देनजर चार जिलों में शिक्षण संस्थान बंद
शिमला, मंगलवार, 21 जुलाई 2026। मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश को ल ...
