मेट्रो बंद किए बिना सरकार को लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए: पीटीएफ
नई दिल्ली, शुक्रवार, 24 जुलाई 2026। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को जंतर-मंतर के आसपास मेट्रो स्टेशनों को बंद किए जाने के बाद ‘पब्लिक ट्रांसपोर्ट फोरम’ (पीटीएफ) नामक संगठन ने सार्वजनिक परिवहन बंद किए बिना लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। संगठन ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा, “लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल करने की कीमत लोगों को कभी भी सार्वजनिक परिवहन की सुविधा गंवाकर नहीं चुकानी चाहिए।” जंतर-मंतर पर जारी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के विरोध प्रदर्शन के बीच दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने मध्य दिल्ली क्षेत्र के कई मेट्रो स्टेशनों को लगातार चौथे दिन बंद रखा, जिसके बाद यह बयान आया।
संगठन ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन का समर्थन करते हुए कहा, “प्रदर्शन के जवाब में मेट्रो स्टेशनों को बंद करने का फैसला बेहद चिंताजनक है। लोकतांत्रिक विरोध को नियंत्रित करने के लिए सार्वजनिक परिवहन बंद करना कभी भी पहला कदम नहीं होना चाहिए। इस तरह की कार्रवाइयों से लाखों यात्रियों को परेशानी होती है और शांतिपूर्ण प्रदर्शन के साथ-साथ आम जनजीवन में भी अनावश्यक बाधाएं पैदा होती हैं।” इसने कहा, “अधिकारियों को सार्वजनिक परिवहन बंद किए बिना लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए और सेवा में किसी भी बदलाव की जानकारी पारदर्शी तरीके से तथा समय पर देनी चाहिए।”
पीटीएफ ने दिल्ली सरकार, डीएमआरसी और कानून-व्यवस्था संभालने वाली एजेंसियों से बिना सोचे-समझे पूरे परिवहन पर रोक लगाने से बचने और इसके बजाय ऐसे संतुलित कदम उठाने की अपील की, जिनसे लोगों की सुरक्षा भी बनी रहे और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा भी हो सके। वहीं, डीएमआरसी ने कहा कि सुरक्षा कारणों से नयी दिल्ली, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केन्द्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान सहित 18 मेट्रो स्टेशन सुबह 7:30 बजे से अगले निर्देश तक बंद रहेंगे। मेट्रो स्टेशनों के बंद होने से दफ्तर जाने वाले लोगों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
Similar Post
-
पन्ना बाघ अभयारण्य में अधिकारी का ‘होमस्टे’ वन विभाग की अनुमति के बिना बनाया गया: जांच रिपोर्ट
नई दिल्ली, शुक्रवार, 24 जुलाई 2026। पन्ना बाघ अभयारण्य के पारिस ...
-
विपक्ष के हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
नई दिल्ली, शुक्रवार, 24 जुलाई 2026। राज्यसभा में विपक्ष लगातार ...
-
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रश्नपत्र लीक के लिए कड़ी सजा के प्रावधान वाले विधेयक के मसौदे को मंजूरी दी
नई दिल्ली, शुक्रवार, 24 जुलाई 2026। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रश ...
