केरल उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों ने त्रिशूर मानसिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया
त्रिशूर (केरल), रविवार, 26 जुलाई 2026। केरल उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों ने रविवार को यहां अरनाट्टुकरा स्थित सरकारी मानसिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और वहां की समग्र स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। न्यायमूर्ति देवन रामचंद्रन और न्यायमूर्ति बसंत बालाजी ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों के साथ बातचीत की। अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान उनके साथ उच्च न्यायालय द्वारा मानसिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति से संबंधित एक मामले में नियुक्त न्यायमित्र भी मौजूद थे। केन्द्र में मौजूद लोगों और पत्रकारों से बातचीत करते हुए न्यायमूर्ति रामचंद्रन ने कहा कि यहां व्यापक सुधारों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा,‘‘ जब इस मामले पर अदालत में सुनवाई होगी, तब देखेंगे। आदेश आने दीजिए। यहां बहुत कुछ किया जाना बाकी है। देखते हैं आगे क्या होता है।’’
अधिकारियों ने बताया कि उच्च न्यायालय के न्यायाधीश राज्यभर के मानसिक स्वास्थ्य केन्द्रों का दौरा कर रहे हैं। ये दौरे इन संस्थानों की कार्यप्रणाली और बुनियादी ढांचे से जुड़े मामलों की सुनवाई के तहत किए जा रहे हैं। न्यायाधीशों ने 18 जुलाई को तिरुवनंतपुरम के पेरूरकडा स्थित सरकारी मानसिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया था। उस निरीक्षण के बाद उच्च न्यायालय ने केन्द्र की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की थी और केन्द्रों में तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया था।
Similar Post
-
उत्तराखंड: छात्रों के लिए ‘आपत्तिजनक भाषा’ के इस्तेमाल पर भाजपा अध्यक्ष से बिना शर्त माफी की मांग
देहरादून, रविवार, 26 जुलाई 2026। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत ...
-
केरल उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों ने त्रिशूर मानसिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया
त्रिशूर (केरल), रविवार, 26 जुलाई 2026। केरल उच्च न्यायालय के न्या ...
-
दानपेटी की राशि के गबन मामले में मंदिर के आठ अधिकारी और कर्मचारी निलंबित
कोयंबटूर (तमिलनाडु), रविवार, 26 जुलाई 2026। कोयंबटूर के अरुलमिग ...
