जनता के पैसे को छूने वालों को बख्शा नहीं जाएगा: तमिलनाडु के वित्त मंत्री

img

चेन्नई, बुधवार, 05 अगस्त 2026। तमिलनाडु के वित्त मंत्री एन. मैरी विल्सन ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय भ्रष्टाचार-मुक्त और पारदर्शी शासन सुनिश्चित करने के अपने संकल्प पर अडिग हैं और राजस्व जुटाने के लिए कई उपाय किए जा रहे हैं। राज्य विधानसभा में तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार का पहला बजट (2026-27 के लिए संशोधित अनुमान) पेश करते हुए मंत्री ने अपने संबोधन में भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इस संकल्प पर अडिग हैं।

उन्होंने कहा, ''हम जनता के कर की रकम का एक पैसा भी नहीं छुएंगे। हम किसी को भी इसे छूने नहीं देंगे। अगर किसी ने इसे छुआ, तो हम उन्हें बख्शेंगे नहीं। जिन्होंने अतीत में इसे छुआ है, उन्हें भी हम नहीं छोड़ेंगे।''  विल्सन ने कहा कि मुख्यमंत्री इस संकल्प पर पूरी तरह अडिग हैं और उन्हें देखकर या उनका नाम सुनकर ''हम हर दिन भ्रष्ट लोगों को डरकर भागते हुए देखते हैं''। उन्होंने आरोप लगाया कि टीवीके के सत्ता संभालने से पहले, निविदाओं की अनुमानित राशि का एक बड़ा हिस्सा कुछ चुनिंदा लोग और कुछ राजनीतिक दल ''हथिया'' लेते थे।

विल्सन ने कहा, ''मुख्यमंत्री ने इस प्रथा को पूरी तरह से खत्म करके एक बेमिसाल उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने बहु-मंजिला और ऊंचे अपार्टमेंट के लिए योजना की मंजूरी लेने की सरकारी स्तर की पुरानी प्रक्रिया को भी बदल दिया है।'' अब ये स्वीकृतियां शक्तियों के विकेन्द्रीकरण (प्रत्यायोजन) के माध्यम से चेन्नई महानगर विकास प्राधिकरण (सीएमडीए) से ही प्राप्त की जा सकती हैं, जिससे पिछली प्रक्रिया में व्याप्त भ्रष्टाचार समाप्त हो गया है।

पूर्ववर्ती द्रमुक सरकार मई 2021 से मई 2026 तक राज्य की सत्ता में रही। वहीं, विल्सन ने मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए उन्हें ''सच्चा जननायक'' बताया। वित्तमंत्री ने कहा, ''उन्होंने कई साजिशों का सामना करते हुए ऐतिहासिक जीत हासिल की। ऐसा उन्होंने सिर्फ उन लोगों के लिए किया जिन्हें वे अपनी जान से ज्यादा प्यार करते हैं और जो उन्हें अपना मानते हैं। आज वह इस सदन में एक सच्चे 'जननायकन' के तौर पर मौजूद हैं।'' हाल में मुख्यमंत्री की फिल्म 'जननायकन' प्रदर्शित हुई है जिसका अर्थ होता है 'जनता का नेता'।

इस दौरान विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अन्य प्रमुख नेता भी सदन में अपने स्थान पर बैठे थे। उदयनिधि को तीन अगस्त को गिरफ्तार किया गया था और बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया था। मंत्री ने कहा कि विजय लगातार उनका मार्गदर्शन करते हैं, सलाह देते हैं और राज्य की जनता को अच्छा शासन देने के एकमात्र मकसद के साथ अथक प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा, ''मैं लोगों के चहेते नेता का दिल से आभार व्यक्त करता हूं।''

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement