असम में गुवाहाटी-तेजपुर चार लेन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना को मंत्रिमंडल की मंजूरी
नई दिल्ली, गुरुवार, 06 अगस्त 2026। सरकार ने असम में गुवाहाटी के निकट बैहाटा चारियाली से तेजपुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-15 कोरिडोर पर 135.87 किलोमीटर लंबे ऐक्सेस कंट्रोल्ड चार लेन के राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में गुरुवार को यहां हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि परियोजना पर 8,970.20 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।
परियोजना का निर्माण बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर (बीओटी) टोल मॉडल के तहत किया जाएगा। इसके तहत तेजपुर बाईपास में 4.9 किलोमीटर लंबी आपातकालीन लैंडिंग सुविधा (ईएलएफ) भी विकसित की जाएगी, जिसे भारतीय वायुसेना के समन्वय से अंतिम रूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत 58.7 किलोमीटर लंबे पांच प्रमुख बाईपास बनाए जाएंगे, जिससे बैहाटा चारियाली, सिपाझार, खरूपेटिया, डेकियाजुली और तेजपुर जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा।
इसके अलावा 15 बड़े पुल, 30 छोटे पुल, 19 फ्लाईओवर, 46 अंडरपास, तेजपुर बाईपास में एक हाथी अंडरपास तथा लगभग 210 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा। श्री वैष्णव ने कहा कि परियोजना पूरी होने पर यात्रा का समय लगभग आधा रह जाएगा, औसत यात्रा गति दोगुनी होगी, सड़क सुरक्षा में सुधार होगा, ईंधन की बचत होगी तथा वाहन परिचालन लागत कम होगी। इससे असम और अरुणाचल प्रदेश के औद्योगिक, सामाजिक, पर्यटन तथा लॉजिस्टिक केंद्रों के बीच संपर्क भी बेहतर होगा। परियोजना से आठ पीएम गतिशक्ति आर्थिक नोड, दो आकांक्षी जिलों, तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों तथा सात लॉजिस्टिक केंद्रों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी।
Similar Post
-
नंदीग्राम कांग्रेस उम्मीदवार की गिरफ्तारी पर भड़के संजय राउत, बोले- डर गए, इसलिए पुराने केस में किया गिरफ्तार
मुंबई, रविवार, 20 सितंबर 2026। शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस् ...
-
जम्मू-कश्मीर: सुरक्षा बलों के तलाशी अभियान के बीच कठुआ, सांबा, उधमपुर, डोडा और किश्तवाड़ में हाईअलर्ट
जम्मू, रविवार, 20 सितंबर 2026। जम्मू-कश्मीर के कठुआ, सांबा, उधमपु ...
-
दिल्ली के अलीपुर में निर्माणाधीन इमारत गिरी, कोई हताहत नहीं
नई दिल्ली, रविवार, 20 सितंबर 2026। उत्तर दिल्ली के अलीपुर इलाके ...
