पंजाब: कर्मचारियों, पेंशनभोगियों का विशाल प्रदर्शन, पुलिस ने छोड़ीं पानी की बौछारें

img

चंडीगढ़, शुक्रवार, 07 अगस्त 2026। बकाया महंगाई भत्ते (डीए) के भुगतान सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पंजाब सरकार पर दबाव बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को बड़ी संख्या में राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों ने यहां सेक्टर 39 में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को पंजाब विधानसभा की ओर बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने अवरोधक लगा रखे थे। जब कर्मचारियों ने उधर बढ़ने की कोशिश की, तो चंडीगढ़ पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारें छोड़ीं। प्रदर्शनकारी अपनी-अपनी यूनियन के झंडे लिये हुए थे। यह प्रदर्शन 'सांझा मुलाज़म एवं पेंशनर्स फ्रंट' और 'सांझा मुलाज़म मंच पंजाब' की अगुवाई में आयोजित किया गया था, जिसमें राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए कई कर्मचारी संगठनों ने हिस्सा लिया।

प्रदर्शनकारी कर्मचारी बकाया 18 प्रतिशत डीए जारी करने, पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को लागू करने और अनुबंध पर कार्यरत कर्मचारियों को सेवा में नियमित करने की मांग कर रहे हैं। विरोध जता रहे कर्मचारियों ने कहा कि बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद राज्य सरकार उनकी मांगों का समाधान करने में विफल रही है।इस बीच, विपक्षी दलों ने कर्मचारियों की मांगें न मानने को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर जमकर निशाना साधा।

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि इन्हीं कर्मचारियों ने पंजाब में 'आप' को वोट दिया था। वड़िंग ने सवाल करते हुए कहा, ''आज 2026 में वही कर्मचारी सड़कों पर उतरकर कह रहे हैं कि 'हमें यह सरकार नहीं चाहिए'। 'आप' सरकार के लिए इससे बड़ा रिपोर्ट कार्ड और क्या हो सकता है?" उन्होंने मान सरकार पर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वालों की आवाज दबाने का भी आरोप लगाया। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने भी कर्मचारियों की मांगें पूरी न करने पर राज्य सरकार की आलोचना की।
 

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement