अरुणाचल: वाहन के नदी में गिरने से एक व्यक्ति की मौत, छह लोग घायल
ईटानगर, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले में बृहस्पतिवार को एक वाहन के लोहित नदी में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अंजॉ के उपायुक्त मिलो कोजिन ने बताया कि हादसा सुबह करीब साढ़े नौ बजे सार्ती स्थित सरकारी आवासीय विद्यालय के पास हुआ। उन्होंने बताया कि चालक के वाहन पर से नियंत्रण खो देने के कारण यह हादसा हुआ।
अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया। उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन ने पड़ोसी लोहित जिले के तेजू में तैनात राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के कर्मियों को घटनास्थल पर बुलाया है। उन्होंने बताया कि पुलिस और स्थानीय लोग तलाश एवं बचाव अभियान चला रहे हैं। अधिकारी ने नदी से सात लोगों को बाहर निकाल लिया और मौके पर एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
उन्होंने बताया कि यह पता लगाने के लिए तलाश अभियान जारी है कि कहीं कोई व्यक्ति नदी के तेज बहाव में बह तो नहीं गया। महिला एवं बाल विकास मंत्री दासांगलु पुल ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए स्थानीय अधिकारियों को सभी उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल करने के सख्त निर्देश दिए। पुल ने एक बयान में कहा, ‘‘मैंने स्थानीय प्रशासन, जिला पुलिस और एसडीआरएफ को सभी उपलब्ध संसाधन जुटाने और मौके पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए हैं। हम स्थिति पर करीबी नजर रख रहे हैं।’’ उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
Similar Post
-
अरुणाचल: वाहन के नदी में गिरने से एक व्यक्ति की मौत, छह लोग घायल
ईटानगर, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले में ...
-
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कोंडली में गाजीपुर नाले और हिंडन नहर पर संपर्क पुलों का किया उद्घाटन किया
नई दिल्ली, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा ग ...
-
सुखबीर सिंह बादल कृपाण हमले में घायल, एक व्यक्ति हिरासत में लिया गया
नांदेड़, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) प्रमुख ए ...
