हिमाचल में बस के भूस्खलन की चपेट में आने से बाल-बाल बचे यात्री
शिमला, शुक्रवार, 14 अगस्त 2026। हिमाचल प्रदेश में बिलासपुर-सोलन सीमा के पास भराड़ीघाट और नालाग के बीच हुए भूस्खलन के बाद एक बस में सवार यात्री बाल-बाल बच गए। हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस उस स्थान से गुजरने वाली थी, जहां भूस्खलन हुआ। भूस्खलन के समय सड़क पर भारी यातायात था, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें लोग अपनी जान बचाने के लिए भागते हुए और वाहनों को वहां से हटाने के लिए चिल्लाते हुए नजर आ रहे हैं। इस मार्ग को चार लेन बनाने का काम चल रहा है और इस पर बार-बार भूस्खलन की घटनाएं सामने आती रही हैं। इसी मार्ग पर 11 अगस्त (मंगलवार) को चलती हुई एक गाड़ी पर चट्टान गिर गई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य घायल हो गए थे। भारी बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश में 140 सड़कें बंद हो गई हैं, जबकि 244 पेयजल योजनाएं और 46 बिजली ट्रांसफॉर्मर प्रभावित हुए हैं।
राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, शुक्रवार सुबह मंडी में सबसे अधिक 52 सड़कें बंद थीं। इसके बाद कुल्लू में 37, चंबा में 29, कांगड़ा में पांच, सिरमौर में छह, शिमला और ऊना में चार-चार, लाहौल-स्पीति में दो और किन्नौर जिले में एक सड़क बंद थी। हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार शाम से मध्यम से भारी बारिश हुई। धर्मशाला में सबसे अधिक 91.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद नैना देवी में 44.6 मिमी, जोगिंदरनगर में 35 मिमी, नालागढ़ में 34 मिमी, ब्राह्मणी में 27.6 मिमी और बिलासपुर में 25.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
जुब्बारहट्टी, मुरारी देवी, जोत, सुंदरनगर और कांगड़ा में गरज के साथ आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं। शिमला मौसम कार्यालय ने सोमवार और मंगलवार (17 और 18 अगस्त) को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी के साथ ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। अधिकारियों ने बताया कि 30 जून को मानसून की शुरुआत के बाद से अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 70 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें भूस्खलन में 14 और अचानक आई बाढ़ में एक व्यक्ति की मौत शामिल है। उन्होंने बताया कि राज्य को 911 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने 17 अगस्त तक राज्य में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।
Similar Post
-
गुलजार सिंह मौत मामला: मंत्री हरपाल सिंह चीमा के आवास तक पंजाब कांग्रेस का विरोध मार्च 15 सितंबर को, चन्नी का ऐलान
चंडीगढ़, रविवार, 13 सितंबर 2026। पंजाब में गुलजार सिंह की मौत का ...
-
तमिलनाडु: बस किराया विवाद के बीच विनायगर चतुर्थी पर बसों की संख्या में 38 प्रतिशत वृद्धि
चेन्नई, रविवार, 13 सितंबर 2026। तमिलनाडु में राज्य परिवहन उपक्र ...
-
दिल्ली: साप्ताहिक ‘थाना दिवस’ पर 2,300 से अधिक शिकायतों की सुनवाई
नई दिल्ली, रविवार, 13 सितंबर 2026। दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय रा ...
