आय से अधिक संपत्ति का मामला: राहुल गांधी की याचिका पर सोमवार को सुनवाई करेगा न्यायालय
नई दिल्ली, रविवार, 16 अगस्त 2026। उच्चतम न्यायालय कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उस याचिका पर सोमवार को सुनवाई करेगा जिसमें उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच करने का केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को निर्देश देने संबंधी इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती दी गई है। शीर्ष अदालत की 17 अगस्त की कार्यसूची के अनुसार, प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची एवं न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ मामले की सुनवाई करेगी।
इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ ने 20 जुलाई को सीबीआई के जवाब पर असंतोष जताते हुए एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारी को राहुल के खिलाफ आय के ज्ञात स्रोत से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच में हुई प्रगति का विस्तृत ब्योरा देते हुए नया हलफनामा व्यक्तिगत रूप से दाखिल करने का निर्देश दिया था। उच्च न्यायालय ने यह भी कहा था कि यदि आरोपों की जांच के दौरान प्रवर्तन निदेशालय को किसी तरह की अवैधता का संकेत देने वाली सामग्री या दस्तावेज मिलते हैं तो वह कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र होगा। उच्च न्यायालय ने कांग्रेस नेता के खिलाफ आय के ज्ञात स्रोत से अधिक संपत्ति के आरोपों की सीबीआई और ईडी से जांच कराने का अनुरोध करने वाली याचिका पर सुनवाई के दौरान ये निर्देश दिए थे।
कर्नाटक निवासी एस. विग्नेश शिशिर द्वारा दायर आपराधिक रिट याचिका पर न्यायाधीशों के कक्ष में करीब दो घंटे तक चली सुनवाई के बाद यह आदेश पारित किया गया था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता विग्नेश ने इससे पहले भी याचिकाएं दायर कर आरोप लगाया था कि कांग्रेस नेता के पास दोहरी नागरिकता है। अदालत ने कहा था कि सीबीआई की ओर से दाखिल हलफनामा उसके पहले के आदेश के अनुरूप नहीं है और उसमें गांधी की संपत्ति के संबंध में याचिकाकर्ता की शिकायत पर हुई जांच की प्रगति का पर्याप्त विवरण नहीं दिया गया है।
Similar Post
-
चुनाव आयोग की कार्यशैली पर चर्चा इंडिया ब्लॉक की बैठक का मुख्य एजेंडा किशोर नाथ शाहदेव
रांची, गुरुवार, 01 अक्टूबर 2026। कांग्रेस नेता किशोर नाथ शाहदेव ...
-
तमिलनाडु सीएम विजय ने गांधी जयंती पर लोगों से खादी खरीदने और बुनकरों का समर्थन करने की अपील की
चेन्नई, गुरुवार, 01 अक्टूबर 2026। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. ज ...
-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अटल सुरंग के दौरे से पहले नैना देवी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी
शिमला, गुरुवार, 01 अक्टूबर 2026। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले क ...
