कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन कार्यक्रम को लेकर आईआईएम जम्मू के नोटिस पर साधा निशाना
जम्मू, शनिवार, 19 सितंबर 2026। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और जम्मू-कश्मीर प्रभारी सैयद नसीर हुसैन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर को आयोजित ‘दीप प्रज्वलन समारोह’ में शामिल नहीं होने वाले छात्रों को आईआईएम जम्मू के कथित रूप से जारी नोटिस की शनिवार को आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में राजनीतिक प्रचार के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।
भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) जम्मू के अधिकारियों ने इन आरोपों पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी कि संस्थान ने कार्यक्रम में शामिल नहीं होने वाले छात्रों को नोटिस जारी किया है। हुसैन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आईआईएम जम्मू ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर को आयोजित अनिवार्य दीप प्रज्वलन समारोह में शामिल नहीं होने वाले छात्रों को नोटिस जारी किया है। इसमें उनसे अनुपस्थिति का कारण बताने को कहा गया है और जवाब नहीं देने पर 500 रुपये के जुर्माने की चेतावनी दी गई है।’’
हुसैन ने कहा, ‘‘मोदी के जन्मदिन समारोह में छात्रों की उपस्थिति अनिवार्य क्यों होनी चाहिए? क्या यह आईआईएम की कोई शैक्षणिक जिम्मेदारी है या मोदी के प्रचार को परिसर में अनिवार्य गतिविधि के रूप में लाया गया है?’’ उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों को स्वतंत्र सोच रखने वाले लोगों को तैयार करना चाहिए, न कि छात्रों को नेताओं के समारोहों में शामिल होने के लिए मजबूर करना चाहिए या उन्हें दंड की चेतावनी देनी चाहिए। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘भाजपा के प्रचार कार्यक्रमों को हमारे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों से दूर रखा जाना चाहिए।’’
Similar Post
-
वक्फ (संशोधन) अधिनियम की वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई 21 जनवरी तक टली
नई दिल्ली, मंगलवार, 04 नवम्बर 2026। उच्चतम न्यायालय ने वक्फ (संश ...
-
भारतीय नौसेना ने सोमालिया तट के पास समुद्री डाकुओं के कब्जे से 20 लोगों को छुड़ाया
नई दिल्ली, मंगलवार, 04 नवम्बर 2026। भारतीय नौसेना ने 48 घंटे से अध ...
-
कांग्रेस नेताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष विजयेंद्र ने मांगी माफी
बेंगलुरु/कोलार, मंगलवार, 04 नवम्बर 2026। भारतीय जनता पार्टी (भा ...
