भूपेन्द्र यादव, रेखा गुप्ता ने दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण उपायों की समीक्षा की
नई दिल्ली, मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति के 'एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र' में वायु प्रदूषण को नियंत्रित किये जाने संबंधी उपायों की समीक्षा की। उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में 13 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों का ऑनलाइन माध्यम से उद्घाटन भी किया। इसके अलावा उन्होंने 150 नई इलेक्ट्रिक बसों को दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के बेड़े में शामिल किया और पांच प्रमुख स्थानों पर सार्वजनिक ईवी चार्जिंग स्टेशन की भी शुरुआत की।
यादव ने समीक्षा के दौरान वायु प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली सरकार के 11 कार्य बिंदुओं को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न एजेंसियों की समन्वित कार्रवाई से शहर के प्रमुख प्रदूषण 'हॉटस्पॉट' आनंद विहार में वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 30 अगस्त को 430 दर्ज किया गया था, जो घटकर 92 पर आ गया। उन्होंने इस सुधार का श्रेय सरकार, यातायात पुलिस, लोक निर्माण विभाग और अन्य एजेंसियों के समन्वित प्रयासों को दिया।
यादव ने कहा कि सरकार ने इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसों के बेड़े को बढ़ाकर करीब 5,500 से अधिक कर दिया है और उनके संचालन में सहायता के लिए चार्जिंग संबंधी बुनियादी ढांचा स्थापित किया है। प्रदूषण नियंत्रण के लिए एक समन्वित दृष्टिकोण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार दिल्ली भर में प्रदूषण के ‘हॉटस्पॉट’ की निगरानी जारी रखेगी, जिसमें दिल्ली सरकार और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड स्थिति पर नजर रखेंगे। उन्होंने लोगों से वायु प्रदूषण से निपटने के प्रयासों का समर्थन करने का भी आह्वान किया और कहा कि यह एक सामूहिक जिम्मेदारी है।
गुप्ता ने कहा, ‘‘हमारी सरकार एक ओर लगातार नई इलेक्ट्रिक बसें जोड़ रही है, तो दूसरी ओर ईवी चार्जिंग बुनियादी ढांचे का भी तेजी से विस्तार कर रही है। हमारा संकल्प दिल्लीवासियों को स्वच्छ, आधुनिक और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है।” स्वामी विवेकानंद आईएसबीटी आनंद विहार से 150 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर किया गया। गुप्ता ने डीटीसी के चार डिपो -नंद नगरी, रोहिणी सेक्टर-37, नांगलोई और केशोपुर- में उच्च क्षमता वाले चार्जिंग स्टेशनों का भी उद्घाटन किया। इन 150 इलेक्ट्रिक बसों को शामिल करने से दिल्ली के इलेक्ट्रिक बस बेड़े में 5,238 बसें हो गई हैं। वहीं 1,750 सीएनजी बस हैं। अब बेड़े में कुल 6,988 बसें हो गई हैं।
Similar Post
-
असम में 57.5 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त, दो गिरफ्तार
गुवाहाटी, बुधवार, 15 अक्टूबर 2026। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश ...
-
न्यायमूर्ति लिंगेश्वरन, न्यायमूर्ति कार्तिकेयन ने मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायाधीश पद की शपथ ली
चेन्नई, बुधवार, 15 अक्टूबर 2026। न्यायमूर्ति धर्मलिंगम लिंगेश ...
-
‘स्टिंग ऑपरेशन’ के वीडियो की जांच को लेकर प्रियंक खरगे का कुमारस्वामी पर पलटवार
बेंगलुरु, बुधवार, 15 अक्टूबर 2026। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्र ...
