अभिषेक बनर्जी होर्डिंग मामले में पूछताछ के लिए कोलकाता पुलिस के सामने पेश हुए
कोलकाता, बुधवार, 14 अक्टूबर 2026। ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी कैमैक स्ट्रीट स्थित पार्टी कार्यालय के होर्डिंग से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए बुधवार को कोलकाता पुलिस के सामने पेश हुए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे शेक्सपियर सरणी थाने पहुंचे।
कोलकाता नगर निगम (केएमसी) द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के सिलसिले में पूछताछ के लिए पुलिस ने बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर दो नोटिस दिए गए थे, जिसमें उन्हें अधिकारियों के समक्ष उपस्थित होने के लिए कहा गया था। अधिकारी ने बताया कि केएमसी ने आरोप लगाया था कि मध्य कोलकाता के कैमैक स्ट्रीट स्थित एक इमारत से तृणमूल का होर्डिंग हटाने की कोशिश के दौरान पुलिसकर्मियों और नगर निगम के कर्मचारियों के साथ बदसलूकी और मारपीट की गई थी। इस इमारत में तृणमूल कांग्रेस का दफ्तर है। यह घटना 27 अगस्त को होर्डिंग हटाने के दौरान हुए हंगामे से जुड़ी है।
तृणमूल कांग्रेस नाम और उसके चुनाव चिह्न ‘जोड़ा फूल’ वाला होर्डिंग हटाते समय पुलिस और कोलकाता नगर निगम के अधिकारियों को बनर्जी के समर्थकों के विरोध का सामना करना पड़ा था। इस घटना के संबंध में शेक्सपियर सरणी थाने में तीन प्राथमिकी दर्ज की गई थीं। इसके अलावा, दमकल विभाग ने भी इस मामले में अलग से नोटिस जारी किया था। पुलिस की इस कार्रवाई की निंदा करते हुए तृणमूल विधायक कुणाल घोष ने कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी (सरकार) इतनी नीचे गिर गई है कि ‘महालय’ के बाद भी नोटिस भेजा गया है, जबकि दुर्गा पूजा में अब बस कुछ ही दिन बचे हैं।’ महालय पितृ पक्ष के समाप्त होने और देवी पक्ष के शुरू होने का प्रतीक है।
Similar Post
-
असम में 57.5 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त, दो गिरफ्तार
गुवाहाटी, बुधवार, 15 अक्टूबर 2026। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश ...
-
न्यायमूर्ति लिंगेश्वरन, न्यायमूर्ति कार्तिकेयन ने मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायाधीश पद की शपथ ली
चेन्नई, बुधवार, 15 अक्टूबर 2026। न्यायमूर्ति धर्मलिंगम लिंगेश ...
-
‘स्टिंग ऑपरेशन’ के वीडियो की जांच को लेकर प्रियंक खरगे का कुमारस्वामी पर पलटवार
बेंगलुरु, बुधवार, 15 अक्टूबर 2026। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्र ...
