कांग्रेस सांसद वड़िंग ने नशा विरोधी कार्यकर्ता झोटा के परिवार से मुलाकात की
चंडीगढ़, बुधवार, 14 अक्टूबर 2026। कांग्रेस नेता एवं सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा के परिवार से बुधवार को मुलाकात की और राज्य में ‘‘नशे की समस्या पर काबू पाने में नाकाम’’ रहने पर आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार की आलोचना की। नशीले पदार्थों की लत और उनकी अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठाने वाले झोटा की मंगलवार को मानसा जिले के एक व्यस्त बाजार में एक मेडिकल स्टोर के मालिक ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। वड़िंग ने झोटा के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है। वड़िंग ने मानसा में पत्रकारों से कहा कि नशे की समस्या पंजाब के सबसे बड़े मुद्दों में से एक है और भगवंत मान सरकार इस पर काबू पाने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि झोटा ने नशे की समस्या के खिलाफ लड़ते हुए अपनी जान गंवा दी।
वड़िंग ने कहा, ‘‘इस घटना ने दुनियाभर में रहने वाले पंजाबियों को झकझोर कर रख दिया है।’’ उन्होंने कहा कि दुनियाभर में लोग उस नशे के दलदल में पंजाब के फंसने को लेकर चिंतित हैं जिसके कारण राज्य के कई युवाओं की जान जा चुकी है। वड़िंग ने कहा कि राज्य में कई सरकारें आईं और सभी ने नशे की समस्या खत्म करने का वादा किया, लेकिन कुछ नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री मान ने नशे की समस्या डेढ़ महीने के भीतर खत्म करने का वादा किया था और इसके लिए नशा विरोधी अभियान जैसे कई अभियान भी शुरू किए लेकिन ये ‘‘पूरी तरह नाकाम’’ रहे।
कांग्रेस की पंजाब इकाई के पूर्व अध्यक्ष वड़िंग ने उन दावों को भी खारिज कर दिया कि झोटा की हत्या व्यक्तिगत रंजिश के कारण की गई। उन्होंने इस बात पर भी सवाल उठाया कि आरोपी के पास लाइसेंसी हथियार कैसे था। लुधियाना से सांसद वड़िंग ने कहा, ‘‘नशीले पदार्थ बेचने वाले व्यक्ति को हथियार का लाइसेंस कैसे मिल गया? यह जांच का विषय है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम झोटा के परिवार के साथ खड़े हैं।’’ वड़िंग ने कहा कि उनकी पार्टी 15 अक्टूबर को पंजाब बंद के आह्वान का समर्थन करेगी। झोटा की हत्या के बाद विभिन्न संगठनों द्वारा गठित संयुक्त कार्रवाई समिति ने बंद का आह्वान किया है। इस बीच, अकाली दल वारिस पंजाब दे के नेता मनप्रीत सिंह अयाली ने कहा कि पुलिस ने उन्हें मानसा जाने से रोक दिया। अयाली ने कहा कि पुलिस ने उन्हें जगराओं के हलवारा चौक पर एक जांच चौकी पर रोक लिया।
Similar Post
-
असम में 57.5 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त, दो गिरफ्तार
गुवाहाटी, बुधवार, 15 अक्टूबर 2026। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश ...
-
न्यायमूर्ति लिंगेश्वरन, न्यायमूर्ति कार्तिकेयन ने मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायाधीश पद की शपथ ली
चेन्नई, बुधवार, 15 अक्टूबर 2026। न्यायमूर्ति धर्मलिंगम लिंगेश ...
-
‘स्टिंग ऑपरेशन’ के वीडियो की जांच को लेकर प्रियंक खरगे का कुमारस्वामी पर पलटवार
बेंगलुरु, बुधवार, 15 अक्टूबर 2026। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्र ...
