उप्र: वाराणसी में अवैध पटाखा फैक्टरी में विस्फोट का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
वाराणसी, गुरुवार, 16 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक अवैध पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट के मामले में फरार आरोपी राजू खान को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजू के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वरुणा जोन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेश पांडेय ने बताया कि एयर शो के मद्देनजर पुलिस की एक टीम बृहस्पतिवार देर रात सरायमोहना घाट के पास गश्त कर रही थी और इसी दौरान झाड़ियों के पास से आते दिखे एक व्यक्ति को संदेह के आधार पर रोकने की कोशिश की गई। उन्होंने बताया कि उस व्यक्ति ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी और जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान राजू खान के रूप में हुई है, जो बृहस्पतिवार को सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर में एक मकान में हुए विस्फोट के मामले में वांछित था। पुलिस के अनुसार, पैगंबरपुर में राजू खान के मकान में बृहस्पतिवार शाम जोरदार विस्फोट हुआ था और धमाका इतना शक्तिशाली था कि पूरा मकान ढह गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मकान में कथित तौर पर अवैध रूप से पटाखे बनाए और जमा किए जाते थे। पुलिस के मुताबिक, इस घटना में राजू खान की पत्नी चांदनी (39) गंभीर रूप से झुलस गई थी, जबकि उसके 16 वर्षीय बेटे आदिल खान और 10 वर्षीय बेटी अरबिया को मामूली चोटें आई थीं। पुलिस ने बताया कि विस्फोट के बाद राजू खान और उसकी मां मौके से फरार हो गए थे। अधिकारी ने बताया कि पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा सके।
Similar Post
-
कॉजपा के मार्च से पहले दीपके के दिल्ली आवास पर पहुंची पुलिस, मार्च न करने के लिए दिया नोटिस
नई दिल्ली, गुरुवार, 16 अक्टूबर 2026। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) क ...
-
इमरान खान को भारत छोड़ने के नोटिस के बाद किरण राव ने किया अभिनेता का समर्थन
नई दिल्ली, गुरुवार, 16 अक्टूबर 2026। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञा ...
-
न्यायपालिका पर दबाव डालने का प्रयास था विपक्ष का मार्च: जद(यू)
नई दिल्ली, गुरुवार, 16 अक्टूबर 2026। जनता दल (यूनाइटेड) ने कांग्र ...
