दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से पहले अफवाह फैलाने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी कोलकाता पुलिस
कोलकाता, मंगलवार, 21 अक्टूबर 2026। कोलकाता में चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ के मामले में पुलिस उस व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिसने कथित तौर पर यह अफवाह फैलाकर श्रद्धालुओं को गुमराह किया था कि पंडाल का एक हिस्सा ढह रहा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि अफवाह के कारण लोगों में घबराहट फैल गई और संभवतः इसी वजह से भगदड़ मची, जिसमें 19 लोगों की मौत हो गई तथा 25 अन्य घायल हो गए। यह घटना तीन दिन पहले हुई थी। अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘फिलहाल ऐसा कोई सबूत नहीं है, जिससे पता चले कि पंडाल का कोई हिस्सा ढहने की स्थिति में था।’’
उन्होंने बताया कि जांचकर्ता घटनाक्रम का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि परिसर में लगे 30 कैमरों में से 13 के फुटेज में वह क्षेत्र दिखाई देता है, जहां घटना हुई थी। उन्होंने कहा, ‘‘फुटेज से संकेत मिलता है कि बारिश के कारण बाहर निकलने के रास्ते में भारी भीड़ थी, जबकि पंडाल के अंदर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बावजूद प्रवेश द्वार खुला था।’’ उत्तर कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम मची भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो गई थी और 25 अन्य घायल हो गए थे।
अधिकारी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज से जांचकर्ताओं को भीड़ की आवाजाही का घटनाक्रम समझने और यह पता लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है कि स्थिति कैसे बिगड़ी। उन्होंने कहा कि बाहर निकलने के रास्ते पर भीड़ होने के बावजूद लोगों को अंदर प्रवेश की अनुमति दिए जाने की परिस्थितियों की भी जांच की जा सकती है। अधिकारी ने कहा, ‘‘यह अफवाह किसने फैलाई और क्यों फैलाई, ये ऐसे अहम सवाल हैं जिनके जवाब तलाशने जरूरी हैं।’’ पंडाल के एक हिस्से के ढहने की कथित घोषणा से वहां आए लोगों में घबराहट फैल गई थी। अधिकारी ने दोहराया कि पुलिस को इस दावे की पुष्टि करने वाला कोई सबूत नहीं मिला है।
Similar Post
-
उप्र के विभिन्न जिलों में चोर गिरोह के छह सदस्य तीन मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
बहराइच (उप्र), मंगलवार, 21 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश के लखनऊ, प् ...
-
माकपा ने जनगणना नियमों में किए गए संशोधनों को वापस लेने के लिए राष्ट्रपति को पत्र लिखा
नई दिल्ली, मंगलवार, 21 अक्टूबर 2026। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पा ...
-
दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से पहले अफवाह फैलाने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी कोलकाता पुलिस
कोलकाता, मंगलवार, 21 अक्टूबर 2026। कोलकाता में चोरबागान दुर्गा ...
