उप्र के विभिन्न जिलों में चोर गिरोह के छह सदस्य तीन मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

img

बहराइच (उप्र), मंगलवार, 21 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश के लखनऊ, प्रयागराज, बहराइच, बस्ती, गोंडा और लखीमपुर खीरी समेत कई जिलों में मकानों और प्रतिष्ठानों में सेंध लगाकर चोरी करने के आरोप में छह सदस्यीय अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने उसके सभी सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी पुलिस ने मंगलवार को दी। पुलिस ने बताया कि इनमें से तीन आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गए।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने मंगलवार को बताया कि गिरोह के सभी छह सदस्यों को दो दिन के भीतर हुई तीन अलग-अलग मुठभेड़ों में गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि उनके कब्जे से चोरी के आभूषण, नकदी, अवैध हथियार और वाहन बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 18-19 अक्टूबर की दरमियानी रात अपराध शाखा की स्वाट टीम और खैरीघाट थाना पुलिस को कुछ संदिग्धों के नानपारा-खैरीघाट मार्ग पर वैवाही के पास दो वाहनों में सवार होने के बारे में सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घेराबंदी करके उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर गोलीबारी शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि दूसरे वाहन में सवार दो आरोपी फरार हो गए थे।

पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी की पहचान हिस्ट्रीशीटर सम्भारी पुत्र भोखन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान महेश चौहान, मोहित लाल और अनिल विश्वकर्मा के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश के दौरान बौंडी और नानपारा थाना पुलिस ने 19-20 अक्टूबर की दरमियानी रात अलग-अलग मुठभेड़ों में दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि बौंडी थाना क्षेत्र में खैरा बाजार के पास हुई मुठभेड़ में लखीमपुर खीरी के हिस्ट्रीशीटर जाबिर उर्फ जाकिर को गोली लगने से घायल होने के बाद गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी नसीम उर्फ ठेकेदार फरार हो गया। पुलिस के अनुसार बाद में नानपारा पुलिस ने बंजरिया नहर पुल के पास मुठभेड़ के दौरान नसीम को भी गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार इस तरह तीन मुठभेड़ों में गिरोह के सभी छह सदस्य पकड़े गए।

पुलिस के मुताबिक, घायल सम्भारी बहराइच के खैरीघाट थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ 38 मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक महेश के खिलाफ 14, अनिल के खिलाफ नौ और मोहित लाल के खिलाफ 17 मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने बताया कि जाबिर उर्फ जाकिर के खिलाफ चार दर्जन से अधिक और नसीम उर्फ ठेकेदार के खिलाफ दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने बताया कि तीनों घायल आरोपियों को इलाज के लिए बहराइच के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य आरोपियों को अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, तमंचे, कारतूस, मोबाइल फोन और अर्टिगा एवं सेंट्रो कारें बरामद की गई हैं। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बहराइच समेत अन्य जिलों में चोरी की कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। श्रीवास्तव ने बताया कि गिरोह की गतिविधियों और चोरी की अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस को आरोपियों के आपराधिक इतिहास के आधार पर कई जिलों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement