‘अंधभक्त’, ‘गोदी’ और ‘पेड फॉलोअर्स’ के लिए अब बोलिए ‘क्वॉकरवॉजर’ : शशि थरूर
नई दिल्ली, बुधवार, 04 नवम्बर 2026। अक्सर अंग्रेजी के अपने शब्दों से सोशल मीडिया में दिलचस्प बहस छेड़ने वाले कांग्रेस नेता शशि थरूर ने ‘अंधभक्त’, 'गोदी' और 'पेड फॉलोअर्स' जैसे मौजूदा समय के कई चर्चित शब्दों के विकल्प के तौर पर अंग्रेजी का एक नया शब्द सुझाया है। उनका कहना है कि इनके लिए 'क्वॉकरवॉजर' शब्द का इस्तेमाल कर सकते हैं। तिरुवनंतपुरम से लोकसभा सदस्य थरूर अक्सर ऐसे अंग्रेजी शब्द सोशल मीडिया पर साझा करते हैं, जिनका इस्तेमाल बहुत कम होता है और जिनका उच्चारण भी आसान नहीं होता। उनके ऐसे शब्दों के लिए सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को अक्सर शब्दकोश खंगालना पड़ता है। इस बार उन्होंने इस शब्द का अर्थ भी समझाया है।
थरूर ने 'एक्स' पर इस शब्द की परिभाषा का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए लिखा, ''क्वॉकरवॉजर यानी एक राजनीतिक कठपुतली। ऐसा व्यक्ति जिसे कोई दूसरा नियंत्रित करता है और जो उसके निर्देशों पर काम करता है।'' उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा, ''उन लोगों के लिए, जो किसी को 'अंधभक्त', 'गोदी', 'पेड फॉलोअर्स' आदि कहने से ऊब चुके हैं, क्या यह एक स्वीकार्य विकल्प हो सकता है?'' इससे पहले सितंबर में भी थरूर ने 'क्वॉकरवॉजर' शब्द और उसका अर्थ साझा करते हुए इसे हमारे दौर का शब्द बताया था। उस समय उन्होंने इस शब्द के जरिये सरकार पर कटाक्ष किया था।
उन्होंने लिखा था, ''हमारे दौर का शब्द! मुझे लगता है कि पिछले एक दशक से कुछ अधिक समय में सत्तारूढ़ दल ने ऐसे कुछ लोगों को पैदा किया है।'' गौरतलब है कि 'अंधभक्त' और 'गोदी मीडिया' जैसे शब्दों का इस्तेमाल अक्सर सरकार के आलोचक भारतीय जनता पार्टी के कट्टर समर्थकों और मीडिया के एक वर्ग के लिए करते हैं। आलोचकों का आरोप है कि मीडिया का यह वर्ग सरकार के विचारों और उसके एजेंडे को आगे बढ़ाता है। थरूर ने पहली बार इस शब्द का जिक्र नहीं किया है। अप्रैल 2022 में भी उन्होंने इसका अर्थ साझा करते हुए इसे राजनीतिक शब्दावली में एक उपयोगी इजाफा बताया था।
Similar Post
-
उत्तराखंड की सरकारी जमीनों की ही रही है नीलामी, मुख्यमंत्री धामी जिम्मेदार : सैलजा
नई दिल्ली, बुधवार, 04 नवम्बर 2026। कांग्रेस महासचिव और उत्तराखं ...
-
कारोबारी ने मेरे साथ बैठक में भी मेटा एआई का चश्मा पहना था: सतीशन
तिरुवनंतपुरम, बुधवार, 04 नवम्बर 2026। केरलम के मुख्यमंत्री वी ड ...
-
नये वायुसेना प्रमुख आशुतोष दीक्षित ने उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन से मुलाकात की
नई दिल्ली, बुधवार, 04 नवम्बर 2026। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार् ...
