प्रियंका गांधी ने बुजुर्ग हिंदू महिला का अंतिम संस्कार करने के लिए मुस्लिम परिवार की सराहना की
वायनाड, शनिवार, 14 नवम्बर 2026। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने केरलम के वायनाड जिले के मुप्पैनाड में एक बुजुर्ग हिंदू महिला की देखभाल करने और उनकी मृत्यु के बाद हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार करने के लिए एक मुस्लिम परिवार की सराहना की है। वाद्रा के कार्यालय ने शनिवार को यह जानकारी दी। दस नवंबर को मुप्पैनाड के चिथिरागिरी में कल्याणीकुट्टी अम्मा (85) का निधन हुआ था। वाद्रा के कार्यालय ने बताया कि कल्याणीकुट्टी अम्मा की कोई संतान या करीबी रिश्तेदार नहीं थे और पड़ोस में रहने वाले दो भाई रजाक व सुलेमान उनकी देखभाल करते थे।
कार्यालय ने बताया कि दोनों भाइयों ने उनके जीवन के आखिरी वर्षों में उनका पूरा ध्यान रखा। वाद्रा के कार्यालय के अनुसार कल्याणीकुट्टी अम्मा की आखिरी इच्छा के अनुसार दोनों भाइयों ने हिंदू रीति-रिवाजों के मुताबिक उनका अंतिम संस्कार किया। कांग्रेस सांसद के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उन्होंने फोन पर रजाक से बात की और उनके परिवार के इस काम की सराहना की। बयान के मुताबिक उन्होंने इसे भाईचारे, सांप्रदायिक सौहार्द और इंसानियत की ऐसी कहानी बताया, जिसे देश के लोगों तक पहुंचाना जरूरी है। बयान में वाद्रा ने कहा,“रजाक और उनके परिवार ने कल्याणीकुट्टी अम्मा की अपने परिवार के सदस्य की तरह प्यार और लगाव के साथ देखभाल की। उन्होंने अपनी जिम्मेदारी ऐसे निभाई, जैसे वे उनकी खुद की संतान हों।”
वाद्रा ने कहा कि महिला के निधन के बाद परिवार ने उनकी धार्मिक परंपराओं का सम्मान करते हुए उनकी इच्छा के अनुसार उन्हें अंतिम विदाई भी दी। उन्होंने कहा कि धर्म की सीमाओं से ऊपर उठकर दिखाया गया ऐसा भाईचारा ही वह भावना है, जिसकी लोग उम्मीद करते हैं। वाद्रा ने कहा कि रजाक और उनके परिवार ने सभी तरह की दीवारों और भेदभाव से ऊपर उठकर जो प्यार दिखाया है, वह उनके लिए गर्व की बात है और पूरे देश के लिए एक मिसाल है। वाद्रा ने बुधवार से शनिवार तक अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे के दौरान कई संस्थानों का दौरा किया और लोगों से मुलाकात कर उनसे बातचीत भी की।
Similar Post
-
आपदा प्रबंधन के लिए ‘शून्य जनहानि’ का दृष्टिकोण अपना रही सरकार : शाह
ईटानगर, रविवार, 22 नवम्बर 2026। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ...
-
सुदीप शर्मा के साथ दोबारा काम करने का इंतजार कर रहा था: अभिषेक बनर्जी
पणजी, रविवार, 22 नवम्बर 2026। अभिनेता अभिषेक बनर्जी का कहना है क ...
-
राजस्थान के फलोदी में सड़क हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत
जोधपुर, रविवार, 22 नवम्बर 2026। राजस्थान के फलोदी जिले में मंडल ...
