छठ महापर्व पर हाथी घाट पहुंचीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उगते सूर्य को अर्घ्य दिया
नई दिल्ली, सोमवार, 16 नवम्बर 2026। छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हाथी घाट पहुंचीं और छठ व्रतियों के साथ पूजा-अर्चना में शामिल होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। पारंपरिक परिधान में सजी मुख्यमंत्री ने छठ व्रती महिलाओं के साथ मिलकर पारंपरिक गीत गाए और उनके साथ इस पावन पर्व की खुशियां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने छठ व्रती महिलाओं के साथ पारंपरिक रस्मों में हिस्सा लिया और सिंदूर लगाकर पर्व की परंपराओं का निर्वहन किया। उन्होंने व्रतियों से मुलाकात कर उनका अभिवादन किया और सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचल के लाखों लोगों के लिए आस्था और भावनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल के लोगों ने अपनी मेहनत और योगदान से दिल्ली को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है और वे दिल्ली परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व धार्मिक आस्था के साथ-साथ लोक संस्कृति, पारिवारिक एकजुटता, अनुशासन, स्वच्छता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है तथा यह पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव सिखाता है। मुख्यमंत्री ने छठी मैया से देश और दिल्ली के सभी नागरिकों पर आशीर्वाद बनाए रखने तथा हर परिवार के सुख, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। बयान के मुताबिक, छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सोमवार को सुबह 4:30 बजे से शुरू की गईं। शुरुआती समय में सभी मेट्रो लाइनों पर प्रत्येक 15 मिनट में ट्रेन उपलब्ध कराई गई, ताकि श्रद्धालु समय पर घाटों तक पहुंच सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने छठ व्रतियों की सुविधाओं का ध्यान रखा है, ताकि किसी की पूजा में बाधा न आए और सभी श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ उगते सूर्य को अर्घ्य दे सकें। सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित चार दिवसीय यह पर्व 13 नवंबर को ‘नहाय-खाय’ के साथ शुरू हुआ। श्रद्धालु अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए उनके आशीर्वाद की कामना करते हैं। पहले दिन भक्त नदियों और तालाबों में स्नान करते हैं। दूसरे दिन यानी ‘खरना’ को वे दिन भर का उपवास रखते हैं और शाम को अस्त होते सूर्य और चंद्रमा की पूजा करने के बाद प्रसाद ग्रहण करते हैं। तीसरे दिन ‘संध्या अर्घ्य’ दिया जाता है जिसमें श्रद्धालु अस्ताचल सूर्य की उपासना करते हैं और चौथे दिन पर्व का समापन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होता है।
Similar Post
-
पद्मजा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से माफी मांगी, कहा: किसी पद की आकांक्षा नहीं
तिरुवनंतपुरम, शनिवार, 21 नवम्बर 2026। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ...
-
चक्रवात ‘अकवान’ से बिगड़े मौसम के कारण रांची हवाई अड्डे पर 20 उड़ानें रद्द
रांची, शनिवार, 21 नवम्बर 2026। चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव से ख ...
-
कांग्रेस अपने नवनियुक्त 81 सचिवों को देगी संगठन से जुड़े पहलुओं का प्रशिक्षण
नई दिल्ली, शनिवार, 21 नवम्बर 2026। कांग्रेस ने अपने नवनियुक्त 81 ...
