दिल्ली सरकार ने बच्चों, युवाओं के लिए मानसिक स्वास्थ्य नीति पेश की
नई दिल्ली, गुरुवार, 19 नवम्बर 2026। दिल्ली सरकार ने बृहस्पतिवार को अपनी मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण नीति पेश की, जिसका उद्देश्य बच्चों और युवाओं के भावनात्मक एवं मनोवैज्ञानिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का समाधान करना है। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने बताया कि यह नीति छात्रों के लिए भावनात्मक सहयोग को लेकर जताई गई चिंताओं के मद्देनजर तैयार की गई है। नीति की शुरुआत के मौके पर दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, आध्यात्मिक नेता श्री श्री रविशंकर और पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा मौजूद थे।
सूद ने कहा कि कुछ दिन पहले एक स्कूली छात्र ने आत्महत्या की कोशिश की, जिसके बाद सरकार का ध्यान इस मुद्दे पर गया और उन्होंने स्कूल के प्रधानाचार्यों को पत्र लिखकर एक व्यापक नीति बनाने की दिशा में काम करने के लिए उनके तथा मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों के साथ चर्चा की। सूद ने कहा कि बच्चे अक्सर खुद को अकेला महसूस करते हैं, क्योंकि माता-पिता परिवार की आर्थिक जरूरतें पूरी करने के लिए काम में व्यस्त रहते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चे अपने भविष्य, अकादमिक प्रदर्शन और बेहतर करने की अभिभावकों की उम्मीदों को लेकर दबाव का सामना करते हैं।
सूद ने कहा, “लोग अक्सर मानसिक स्वास्थ्य को एक वर्जित विषय मानते हैं। इसी के मद्देनजर हमने यह कार्यक्रम आयोजित किया, ताकि समाज में संदेश दिया जा सके कि मानसिक स्वास्थ्य के बारे में बात करना और इसे लेकर जागरूकता फैलाना जरूरी है।” उन्होंने कहा कि इस नीति का उद्देश्य एक ऐसा माहौल बनाना है, जहां बच्चे अपनी भावनात्मक भलाई के बारे में खुलकर बात कर सकें और बिना किसी झिझक के मदद मांग सकें।सूद के मुताबिक, यह नीति सीएम श्री स्कूल, सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल, उच्च शिक्षण संस्थान, निजी शिक्षण संस्थान और दिव्यांग बच्चों से जुड़े संस्थानों में लागू होगी।
Similar Post
-
नए मुख्य सचिव ने जम्मू पहुंचकर कृत्रिम झील समेत प्रमुख परियोजनाओं का जायजा लिया
जम्मू, गुरुवार, 19 नवम्बर 2026। जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव साजन ...
-
आंध्र प्रदेश में ट्रक और मालवाहक वाहन की टक्कर में तीन लोगों की मौत
गमलापाडु (आंध्र प्रदेश), गुरुवार, 19 नवम्बर 2026। आंध्र प्रदेश क ...
-
भारत-अमेरिका संबंध ऐतिहासिक ऊंचाई पर, पारस्परिक व्यापारिक रिश्ते की दिशा में काम कर रहे : राजनयिक
नई दिल्ली, गुरुवार, 19 नवम्बर 2026। अमेरिका के एक वरिष्ठ राजनयि ...
