विधि विधान पूर्वक श्री केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बन्द
देहरादून, गुरुवार, 27 अक्टूबर 2022। उत्तराखंड में स्थित भगवान शिव के ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग बाबा केदारनाथ मन्दिर (धाम) के कपाट गुरुवार को भैया दूज के पावन अवसर पर प्रात: आठ बजकर 30 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद हो गये। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज प्रात: तीन बजे मंदिर खुल गया। चार बजे से कपाट बंद करने की समाधि पूजन प्रक्रिया शुरू हो गयी। पुजारी टी गंगाधर लिंग ने भगवान केदारनाथ के स्वयंभू ज्योर्तिलिंग को श्रृंगार रूप से समाधि रूप दिया। ज्योर्तिलिंग को बाघंबर, भृंगराज फूल,भस्म, स्थानीय शुष्क फूलों- पत्तों आदि से ढ़क दिया गया। इसके साथ ही भकुंट भैरव नाथ के आह्वान के साथ ही गर्भगृह तथा मुख्य द्वार को जिला प्रशासन के अधिकारियों की उपस्थिति में बंद किया गया। इसके साथ ही पूरब द्वार को भी सीलबंद किया गया। इस अवसर के ढाई हजार से अधिक श्रद्धालु साक्षी बने। इस वर्ष यहां कुल 15,61,882 (पंद्रह लाख एकसठ हजार आठ सौ बयासी) तीर्थयात्रियों ने भगवान केदारनाथ के दर्शन किये है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के अवसर पर तीर्थयात्रियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस बार चारधाम यात्रा के लिए रिकार्ड पैंतालीस लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे है। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में नयी केदार पुरी अस्तित्व में आ चुकी है जहां तीर्थयात्रियों को हर संभव सुविधाएं मुहैया हो रही है। गौरीकुंड- केदारनाथ रोप वे के बनने से केदारनाथ यात्रा अधिक सुगम हो जायेगी। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हो रही है।
श्री केदारनाथ धाम के कपाट बन्द होने के अवसर पर श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई पंकज मोदी, मंदिर समिति उपाध्यक्ष किशोर पंवार, जिला प्रशासन पुलिस के अधिकारी, केदारनाथ उत्थान चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त सचिव, मंदिर समिति मुख्य कार्याधिकारी योगेन्द्र सिंह, यात्रा मजिस्ट्रेट गोपाल राम बिनवाल, तहसीलदार दीवान सिंह राणा कार्याधिकारी आरसी तिवारी, धर्माधिकारी औंकार शुक्ला, केदारनाथ सभा अध्यक्ष विनोद शुक्ला, मंदिर समिति मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़, आदि मौजूद रहे।
Similar Post
-
जम्मू-कश्मीर के डोडा के कुछ हिस्सों में प्रशासन ने पाबंदियां लगाईं, अनधिकृत सभाओं पर प्रतिबंध
जम्मू, रविवार, 03 मई 2026। जम्मू-कश्मीर के डोडा कस्बे के कुछ हिस् ...
-
केरल विधानसभा चुनाव: त्रिकोणीय मुकाबले के बाद चार मई को चुनाव परिणाम पर नजर
तिरुवनंतपुरम, रविवार, 03 मई 2026। केरल में सत्तारूढ़ वाम लोकतां ...
-
कार खड़े ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराई, एएनएम की मौत
जैसलमेर, रविवार, 03 मई 2026। राजस्थान के जैसलमेर जिले में शनिवा ...
