द्रौपदी मुर्मू ओडिशा की दो दिवसीय यात्रा पर पहुंची
भुवनेश्वर, गुरुवार, 10 नवंबर 2022। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को ओडिशा की दो दिवसीय यात्रा पर भुवनेश्वर पहुंची। राष्ट्रपति का पद ग्रहण करने के बाद महामहिम मुर्मू की यह पहली ओडिशा यात्रा है। ओडिशा के राज्यपाल प्रो गणेश लाल, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और अन्य अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी की, जहां उन्हें गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राष्ट्रपति बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचने के बाद भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलदेव और बहन देवी सुभद्रा का दर्शन करने के लिए विशेष हेलीकॉप्टर से पुरी के लिए रवाना हुईं। जगन्नाथ मंदिर मुख्य द्वार पर उनकी अगवानी मंदिर के मुख्य प्रशासक वीर विक्रम यादव, मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य, जिला मजिस्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक और राष्ट्रपति के पारिवारिक पुजारी करेंगे।
उन्हें 12वीं सदी में निर्मित मंदिर में भगवान का दर्शन करने के लिए लेकर जाया जाएगा, जहां पर वह पूजा-अर्चना करेंगी। राष्ट्रपति श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर स्थित महालक्ष्मी और विमला जैसे मंदिरों में भी जाकर देवी-देवताओं का दर्शन करेंगी। वह मंदिर के सिंहद्वार के समीप स्थित उत्कलमणि गोपबंधु दास की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी और उसके बाद राजभवन जाएंगी। राजभवन में वह महाप्रसाद प्राप्त करेंगी और दोपहर में अन्य कार्यक्रमों शामिल होने के लिए हेलीकॉप्टर से भुवनेश्वर के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति की यात्रा को ध्यान में रखते हुए ओडिशा सरकार ने भुवनेश्वर नगर निगम के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी कार्यालयों और सरकारी और निजी स्कूलों और कॉलेजों में आज दोपहर बाद एक बजे से आधे दिन का अवकाश घोषित किया है।
Similar Post
-
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने 12 उपाध्यक्षों और 27 महासचिवों की नियुक्ति की
नई दिल्ली, रविवार, 29 मार्च 2026। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जु ...
-
ओडिशा: रामनवमी शोभायात्रा के दौरान हवा में गोली चलाने के आरोप में भाजपा विधायक के खिलाफ मामला दर्ज
भुवनेश्वर, रविवार, 29 मार्च 2026। ओडिशा के बोलांगीर जिले के टिट ...
-
हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश से तापमान में गिरावट
चंडीगढ़, रविवार, 29 मार्च 2026। पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों ...
