आसनसोल भगदड़ : पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया
कोलकाता, शुक्रवार, 16 दिसम्बर 2022। पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल में एक धार्मिक आयोजन के दौरान मची भगदड़ में संलिप्तता के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार को पांच लोगों को गिरफ्तार किया। घटना में तीन लोग मारे गए थे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आसनसोल नगर पुलिस बृहस्पतिवार रात से छापे मार रही है और उसने बुधवार शाम हुई घटना में संलिप्तता के आरोप में विभिन्न जगहों से पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने भगदड़ की घटना के सिलसिले में विभिन्न जगहों से पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या भगदड़ की यह घटना सुनियोजित थी या धार्मिक कार्यक्रम के आयोजकों की लापरवाही के कारण घटना हुई। छापेमारी जारी है।’’ पुलिस के सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार पांचों लोग स्थानीय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता जितेंद्र तिवारी के सहयोगी हैं। पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल में बुधवार को कंबल वितरण कार्यक्रम में भगदड़ मच गई जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
भगदड़ की घटना उस वक्त हुई जब राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के आयोजन स्थल से जाने के बाद लोग कंबल लेने के प्रयास में मंच की ओर बढ़ने लगे। भगदड़ में दो महिलाओं और एक लड़की की मौत हो गई। अधिकारी के आयोजन स्थल से जाने के बाद ये घटना हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि जैसे ही वह कार्यक्रम स्थल से निकले उस स्थान से पुलिस की तैनाती हटा ली गई और इसी कारण भगदड़ की घटना हुई। हादसे ने जल्द विवाद का रूप ले लिया और भाजपा तथा तृणमूल कांग्रेस दोनों ने एक दूसरे पर आरोप लगाए। पुलिस ने दावा किया कि कंबल वितरण कार्यक्रम के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई थी। पुलिस ने घटना के संबंध में जांच के लिए टीम गठित की है।
Similar Post
-
अमेरिकी बैंड ‘गन्स एन’ रोजेज’ 17 नवंबर को असम के गुवाहाटी में प्रस्तुति देगा
गुवाहाटी, मंगलवार, 17 नवम्बर 2026। मशहूर अमेरिकी हार्ड रॉक बैंड ...
-
भारत, जापान तोक्यो में 2+2 मंत्रिस्तरीय बातचीत करेंगे
नई दिल्ली, मंगलवार, 17 नवम्बर 2026। भारत और जापान इस हफ्ते तोक्य ...
-
‘शीश महल’ को आम जनता के लिए खोलने की घोषणा यमुना प्रदूषण से ध्यान भटकाने की कोशिश : आप
नई दिल्ली, मंगलवार, 17 नवम्बर 2026। आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवा ...
