आश्रम फ्लाईओवर बंद : भारी ट्रैफिक जाम, पुलिस ने यात्रियों से वैकल्पिक मार्ग चुनने को कहा
नई दिल्ली, सोमवार, 02 जनवरी 2023। लिंक रोड के निर्माण के लिए 45 दिनों के वास्ते बंद आश्रम फ्लाईओवर के पास की सड़कों पर सोमवार को भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला। कुछ यात्रियों ने ट्विटर पर जाम की तस्वीरें साझा कीं, जबकि व्यस्त समय (पीक ऑवर्स) के दौरान मार्ग पर यात्रा करने वाले कई लोगों ने दावा किया कि उन्हें इस खंड को पार करने में लगभग आधा घंटा लगा। अधिकारियों ने कहा कि इलाके में भारी यातायात है और कई लोगों ने जाम की सूचना देने के लिए पुलिस को फोन किया। यातायात पुलिस ने फ्लाईओवर बंद होने के कारण पहले लोगों को केवल निर्दिष्ट स्थानों पर गाड़ियां खड़ी करने और अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी थी खासकर अगर वे अस्पतालों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और हवाई अड्डों पर जा रहे हों।
आश्रम चौक, डीएनडी फ्लाईओवर, मथुरा रोड और नोएडा से गुजरने वाले कैरिजवे के दोनों तरफ आउटर रिंग रोड से आने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात पुलिस ने एक बयान में कहा था, “एक जनवरी से आश्रम फ्लाईओवर और नए डीएनडी फ्लाईओवर के बीच संपर्क मार्ग के निर्माण के कारण आश्रम फ्लाईओवर के दोनों कैरिजवे बंद हो जाएंगे।” इसमें कहा गया था, “आश्रम फ्लाईओवर, आश्रम चौक, डीएनडी फ्लाईओवर और मथुरा रोड से गुजरने वाले दोनों तरफ के कैरिजवे को जोड़ने वाली सड़कों और हिस्सों से ट्रैफिक की आवाजाही को प्रतिबंधित और मार्ग परिवर्तित किया जा सकता है।”
Similar Post
-
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने 12 उपाध्यक्षों और 27 महासचिवों की नियुक्ति की
नई दिल्ली, रविवार, 29 मार्च 2026। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जु ...
-
ओडिशा: रामनवमी शोभायात्रा के दौरान हवा में गोली चलाने के आरोप में भाजपा विधायक के खिलाफ मामला दर्ज
भुवनेश्वर, रविवार, 29 मार्च 2026। ओडिशा के बोलांगीर जिले के टिट ...
-
हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश से तापमान में गिरावट
चंडीगढ़, रविवार, 29 मार्च 2026। पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों ...
