सेवा विधेयक को संसद से मंजूरी मिलने पर आप ने कहा, दिल्ली की जनता देगी भाजपा को मुंहतोड़ जवाब
नई दिल्ली, मंगलवार, 08 अगस्त 2023। आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली सेवा विधेयक को संसद की मंजूरी मिलने के बाद मंगलवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि राष्ट्रीय राजधानी की जनता अगले चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को “मुंहतोड़ जवाब” देगी। ‘आप’ की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि पूरे विपक्ष ने विधेयक का “एकजुट विरोध” किया। पार्टी के दिल्ली संयोजक गोपाल राय ने कहा कि यह विधेयक दिल्ली की जनता का “अपमान” है। कक्कड़ ने कहा, “पूरे विपक्ष ने कल एकजुट होकर असंवैधानिक विधेयक का विरोध किया। हम संसद और अदालत में लड़ाई लड़ रहे हैं। दिल्ली की जनता अगले चुनावों में उन्हें (भाजपा को) मुंहतोड़ जवाब देगी।” संसद ने सोमवार को दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र शासन संशोधन विधेयक 2023 को मंजूरी दे दी। इस विधेयक के कानून बनने के बाद दिल्ली सरकार के नौकरशाहों पर केंद्र सरकार का नियंत्रण होगा। राय ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने उच्चतम न्यायालय के फैसले के खिलाफ संसद में यह विधेयक पेश किया। उन्होंने इसे ”लोकतंत्र की हत्या” करार दिया।
राय ने ट्वीट किया, “उच्चतम न्यायालय के ऐतिहासिक निर्णय के खिलाफ केंद्र सरकार द्वारा संसद में लाया गया विधेयक लोकतंत्र की हत्या है। यह दिल्ली के लोगों का अपमान है। इसके माध्यम से भाजपा ने दिल्ली के मतदाताओं को दोयम दर्जे का नागरिक घोषित कर दिया है, जिसके लिए दिल्ली के लोग और इतिहास भाजपा को माफ नहीं करेगा। लोकसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।” ‘आप’ सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि संसद के अंदर डिजिटल वोटिंग प्रणाली गड़बड़ी हुई और विधेयक पारित होने के दौरान ‘कोई गणना एजेंट’ नहीं था। उन्होंने कहा, “पहली बार देख रहा हूं की मोदी जी के डिजिटल इंडिया में संसद के अंदर ही डिजिटल वोटिंग सिस्टम खराब हो गई। पर्ची से वोटिंग की गई। कोई काउंटिंग एजेंट नही था। किसने किसको वोट दिया नही मालूम। अमित शाह की अगुवाई में संसद के अंदर हुई घपलेबाजी।”
Similar Post
-
आप सांसदों का भाजपा में शामिल होने का मामला, मान ने कहा-पांच मई को राष्ट्रपति से मिलेंगे
चंडीगढ़, बुधवार, 29 अप्रैल 2026। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ...
-
अदालत ने समन मामलों में बरी किए जाने के खिलाफ ईडी की याचिका पर केजरीवाल को नया नोटिस जारी किया
नई दिल्ली, बुधवार, 29 अप्रैल 2026। दिल्ली उच्च न्यायालय ने बुधव ...
-
नोएडा में एसी में धमाके के बाद फ्लैट में लगी आग, कोई हताहत नहीं
नोएडा (उप्र), बुधवार, 29 अप्रैल 2026। नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आवास ...
