ओडिशा नौ नवंबर को मोटे अनाज पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करेगा
भुवनेश्वर, गुरुवार, 07 सितम्बर 2023। ओडिशा सरकार नौ और 10 नवंबर को मोटे अनाज पर एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन करेगी। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि सरकार ने वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान आठ लाख क्विंटल रागी खरीदने का लक्ष्य भी रखा है। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन मोटे अनाज और इसके उत्पादों को बढ़ावा देने तथा मोटे अनाज आधारित उत्पादों के विपणन और निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिसमें सार्वजनिक वितरण प्रणाली, आईसीडीएस, मध्याह्न भोजन, छात्रावास और अन्यत्र मोटे अनाज को भोजन के रूप में शामिल करने के कदम शामिल हैं।
सम्मेलन से मोटे अनाज को खेल से जोड़ने और सभी खेल छात्रावासों में मोटे अनाज को शामिल करने, स्कूलों, होटलों, अस्पतालों और मशहूर हस्तियों को मोटे अनाज के उपयोग और प्रचार में शामिल करने, मोटे अनाज और हरित निवेश को जोड़ने तथा इस उद्देश्य के लिए ओडिशा मोटा अनाज अभियान में निवेश की फिर से खोज करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
ओडिशा को 2021 में पोषक अनाज पर राष्ट्रीय सम्मेलन में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले मोटा अनाज संवर्धन राज्य के रूप में और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) द्वारा 2022 में मोटा अनाज अभियान को बढ़ावा देने के लिए सर्वश्रेष्ठ राज्य के रूप में सम्मानित किया जा चुका है। राज्य सरकार के सूत्रों के अनुसार, पिछले वित्त वर्ष 2022-23 में लगभग 6.04 लाख क्विंटल रागी की खरीद की गई थी। रागी उत्पादन को बढ़ाने के लिए वर्ष 2022-23 के दौरान 1.72 लाख किसानों को शामिल करते हुए 79,000 हेक्टेयर में प्रौद्योगिकी प्रदर्शन किए गए। अधिकारी ने कहा कि चालू वित्त वर्ष के लिए 2.2 लाख से अधिक किसानों को शामिल कर 1.5 लाख हेक्टेयर का लक्ष्य रखा गया है।
Similar Post
-
राउत ने सांसदों को 50 करोड़ रुपये का प्रलोभन दिए जाने का आरोप लगाया, बागियों को इस्तीफे की चुनौती दी
मुंबई, बुधवार, 17 जून 2026। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना ( ...
-
सुक्खू ने केंद्र से बढ़ी मुफ्त बिजली रॉयल्टी, 7784 करोड़ रुपये ऊर्जा बकाया जारी करने की मांग की
नई दिल्ली, बुधवार, 17 जून 2026। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सु ...
-
केरल सरकार ने 'पीएम श्री' पर गौर करने के लिए एक मंत्रिमंडलीय उपसमिति बनायी है: सतीशन
तिरुवनंतपुरम, बुधवार, 17 जून 2026। केरल के मुख्यमंत्री वी डी सत ...
