अन्नाद्रमुक के राजग से बाहर जाने पर सिब्बल ने बीजेपी पर साधा निशाना
नई दिल्ली, मंगलवार, 26 सितम्बर 2023। राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने मंगलवार को अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एआईएडीएमके) के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से बाहर निकलने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और कहा कि एक और सहयोगी ने उन्हें छोड़ दिया है और जो अब भी उनके साथ हैं, वे ‘‘अवसरवादी गठबंधन हैं जिनका वैचारिक रूप से कोई जुड़ाव नहीं है।’’ भाजपा के साथ अपने चार साल पुराने गठबंधन को समाप्त करने का ऐलान करते हुए अन्नाद्रमुक ने सोमवार को घोषणा की थी कि वह 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए एक अलग मोर्चे का नेतृत्व करेगी। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से बाहर निकलने का फैसला यहां अन्नाद्रमुक मुख्यालय में पार्टी प्रमुख ई के पलानीस्वामी की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक में किया गया।
सिब्बल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अन्नाद्रमुक राजग से अलग हो गई है। एक और सहयोगी ने उन्हें छोड़ दिया। जो दल अब भी उनके साथ हैं, वे बिना किसी वैचारिक जुड़ाव वाले अवसरवादी गठबंधन हैं, जैसे कि महाराष्ट्र में पवार एवं शिंदे और पूर्वोत्तर में उनके गठबंधन।’’ संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन एक और दो के कार्यकाल के दौरान केंद्रीय मंत्री रहे सिब्बल ने पिछले साल मई में कांग्रेस छोड़ दी थी और समाजवादी पार्टी के समर्थन से एक स्वतंत्र सदस्य के रूप में राज्यसभा के लिए चुने गए। उन्होंने अन्याय से लड़ने के उद्देश्य से एक गैर-चुनावी मंच ‘इंसाफ’ बनाया है।
Similar Post
-
टीबी मुक्त भारत’ जनभागीदारी का राष्ट्रीय अभियान बन चुका : रेखा गुप्ता
नई दिल्ली, मंगलवार, 04 अगस्त 2026। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा ग ...
-
राम जन्मभूमि ट्रस्ट पर लगे आरोपों पर सरकार जवाब दे: खरगे
नई दिल्ली, मंगलवार, 04 अगस्त 2026। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा ...
-
अमेरिका से इथेनॉल आयात करने के दबाव में ई-20 नीति लागू कर रही सरकार : केजरीवाल
नई दिल्ली, मंगलवार, 04 अगस्त 2026आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयो ...
