कश्मीर में ठंड का प्रकोप बढ़ा, रात का तापमान जमाव बिंदु से नीचे पहुंचा
श्रीनगर, गुरुवार, 07 दिसंबर 2023। घाटी में ठंड बढ़ने के कारण कश्मीर में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे पहुंच गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के तापमान से दो डिग्री सेल्सियस कम था। उन्होंने कहा कि बुधवार की रात इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात थी। उन्होंने बताया कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि बारामूला जिले के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया वहीं काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे था। दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जबकि कुपवाड़ा में यह शून्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि 11 दिसंबर तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन मौसम शुष्क रहेगा और रात के तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। विभाग ने कहा कि 12 से 15 दिसंबर के बीच जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश/बर्फबारी का अनुमान है।
Similar Post
-
लद्दाख के पांच नये जिलों के लिए उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों की नियुक्ति
लेह/जम्मू, मंगलवार, 28 अप्रैल 2026। लद्दाख के उपराज्यपाल विनय क ...
-
न्यायाधीश ने कार्ति चिदंबरम की याचिका पर सुनवाई से खुद को अलग किया
नई दिल्ली, मंगलवार, 28 अप्रैल 2026। दिल्ली उच्च न्यायालय की न्य ...
-
त्रिपुरा में 17 जुलाई से शुरू होगी जनगणना 2027
अगरतला, मंगलवार, 28 अप्रैल 2026। त्रिपुरा में 'जनगणना-2027' का पह ...
