दिल्ली के मुख्यमंत्री ने डीसीडब्ल्यू प्रमुख के पद से स्वाति मालीवाल का इस्तीफा स्वीकार किया
नई दिल्ली, शनिवार, 06 जनवरी 2024। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) की उम्मीदवार स्वाति मालीवाल का डीसीडब्ल्यू प्रमुख के पद से इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और उपराज्यपाल को भेज दिया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मालीवाल सोमवार को यहां राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। ‘आप’ ने शुक्रवार को दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की प्रमुख मालीवाल को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया और साथ ही पार्टी ने मौजूदा सांसदों-संजय सिंह तथा नारायण दास गुप्ता को इस बार फिर उम्मीदवार बनाया है। अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने डीसीडब्ल्यू प्रमुख के पद से मालीवाल का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। उन्होंने इस्तीफे को मंजूरी के लिए उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना को भेज दिया है।
दिल्ली की तीन राज्यसभा सीट से सांसद संजय सिंह, सुशील कुमार गुप्ता और नारायण दास गुप्ता का मौजूदा कार्यकाल 27 जनवरी को खत्म होगा। मालीवाल को सुशील कुमार गुप्ता की जगह उम्मीदवार बनाया गया है, जो आम आदमी पार्टी (आप) की हरियाणा इकाई के प्रमुख हैं। पार्टी के अनुसार, सुशील कुमार गुप्ता ने हरियाणा की चुनावी राजनीति पर ध्यान केंद्रित करने की इच्छा जताई है। यदि आवश्यक हुआ तो राज्यसभा चुनाव 19 जनवरी को होगा।
Similar Post
-
लद्दाख के पांच नये जिलों के लिए उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों की नियुक्ति
लेह/जम्मू, मंगलवार, 28 अप्रैल 2026। लद्दाख के उपराज्यपाल विनय क ...
-
न्यायाधीश ने कार्ति चिदंबरम की याचिका पर सुनवाई से खुद को अलग किया
नई दिल्ली, मंगलवार, 28 अप्रैल 2026। दिल्ली उच्च न्यायालय की न्य ...
-
त्रिपुरा में 17 जुलाई से शुरू होगी जनगणना 2027
अगरतला, मंगलवार, 28 अप्रैल 2026। त्रिपुरा में 'जनगणना-2027' का पह ...
