ईडी के समन के बीच केजरीवाल तीन दिवसीय यात्रा पर आज गोवा पहुंचेंगे
पणजी, गुरुवार, 18 जनवरी 2024। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों का जायजा लेने के उद्देश्य से गोवा के अपने तीन दिवसीय दौरे के तहत बृहस्पतिवार दोपहर यहां पहुंचेंगे। पार्टी के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी। उनकी यह यात्रा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा उन्हें जारी किए गए समन के आलोक में मायने रखती है। उन्हें दिल्ली आबकारी नीति मामले के संबंध में बृहस्पतिवार को ईडी ने अपने समक्ष पेश होने के लिए कहा है। केजरीवाल को पिछले हफ्ते चौथी बार ईडी ने समन जारी किया गया था क्योंकि वह इससे पहले तीन बार पेश नहीं हुए थे। आप की गोवा इकाई के प्रमुख अमित पालेकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘केजरीवाल आज शाम चार बजे गोवा पहुंचेंगे। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी उनके साथ होंगे।’’
उन्होंने कहा कि यह केजरीवाल की राज्य की तीन दिवसीय यात्रा है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को उनका कोई आधिकारिक कार्यक्रम नहीं है, लेकिन शुक्रवार को वह दक्षिण गोवा के बेनौलिम और वेलिम विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे। गोवा विधानसभा में आप के दो विधायक वेन्जी विएगास (बेनौलिम) और क्रूज सिल्वा (वेलिम) हैं। पालेकर ने कहा कि केजरीवाल का शुक्रवार को दक्षिण गोवा के दौरे के बाद पणजी के समीप नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करने का कार्यक्रम है। वह लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों का जायजा भी लेंगे। उन्होंने कहा कि केजरीवाल और मान दोनों शनिवार को गोवा से वापस रवाना होंगे।
Similar Post
-
गहलोत ने कोटा के अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं के इलाज का मुद्दा उठाया
जयपुर, मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री ...
-
एनएसयूआई ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बेंगलुरु में प्रदर्शन किया
बेंगलुरु, मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026। कांग्रेस से संबद्ध भारतीय र ...
-
ई-संजीवनी के जरिए ऑनलाइन चिकित्सा परामर्श लेने वालों में 57 प्रतिशत से अधिक महिलाएं
नई दिल्ली, मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026। ई-संजीवनी के जरिए चिकित्सा ...
