डीपीएस आर के पुरम को मिली बम विस्फोट की धमकी अफवाह निकली
नई दिल्ली, शुक्रवार, 02 फ़रवरी 2024। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के आर. के. पुरम स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) को एक ईमेल के जरिए बम विस्फोट की धमकी मिलने के बाद स्कूल परिसर को तत्काल खाली कराया गया और तलाशी अभियान शुरू किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) रोहित मीणा ने बताया कि तलाशी के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। मीणा ने कहा, ‘‘बम का पता लगाने वाले दल (बीडीटी) ने स्कूल और छात्रावास की गहन तलाशी ली, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। मामले में आगे की जांच जारी है।’’ अधिकारी ने कहा कि धमकी के बारे में डीपीएस स्कूल प्रबंधन से फोन पर सूचना मिलने के बाद बीडीटी और श्वान दस्ते ने पूरे परिसर की तलाशी ली। सूत्रों ने बताया कि स्कूल को सुबह करीब नौ बजे एक ईमेल मिला जिसमें स्कूल परिसर में दो बम होने की बात की गई थी जिसके बाद प्रशासन ने पुलिस को इस बारे में तत्काल सूचित किया।पुलिस ने स्कूल परिसर को तत्काल खाली करा लिया और तलाशी अभियान शुरू किया गया।
पुलिस ईमेल के ‘आईपी एड्रेस’ का पता लगा रही है। आर के पुरम स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्कूल को पिछले साल सितंबर में ईमेल कर किसी ने इसी प्रकार की धमकी दी थी, जो बाद में अफवाह निकली। मथुरा रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल को भी पिछले साल मई में इसी प्रकार का ईमेल मिला था। उस समय भी स्कूल में बम होने की बात अफवाह साबित हुई थी। सादिक नगर स्थित इंडियन स्कूल को 12 अप्रैल, 2023 और नवंबर 2022 में बम विस्फोट की धमकी मिली थी लेकिन ये दोनों धमकियां अफवाह निकलीं।
Similar Post
-
उत्तराखंड में उफनाई नदी में युवक बहा, भूस्खलन से करीब 80 सड़कें बाधित
देहरादून, सोमवार, 03 अगस्त 2026। उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों म ...
-
नीट पेपर लीक प्रदर्शनों में शामिल छात्रों के खिलाफ प्राथमिकी वापस ले सकती हैं सरकारें : न्यायालय
नई दिल्ली, सोमवार, 03 अगस्त 2026। उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को स ...
-
पुरी रथ यात्रा को यूनेस्को की सूची में शामिल कराने के लिए ओडिशा ने केंद्र से मांगा सहयोग
भुवनेश्वर, सोमवार, 03 अगस्त 2026। ओडिशा सरकार ने पुरी की भगवान ज ...
