पुलिस ने संदेशखालि जा रहे आईएसएफ विधायक नौशाद सिद्दीकी को गिरफ्तार किया
कोलकाता, मंगलवार, 27 फ़रवरी 2024। पुलिस ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संकटग्रस्त संदेशखालि जा रहे ‘इंडियन सेक्युलर फ्रंट’ (आईएसएफ) के विधायक नौशाद सिद्दीकी को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। निषेधाज्ञा लागू होने का हवाला देते हुए संदेशखालि की ओर जा रहे कांग्रेस के एक दल को भी नजात के पास रोक दिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि भांगड़ से विधायक सिद्दीकी को सीआरपीसी की धारा 151 (संज्ञेय अपराध को रोकने के लिए गिरफ्तारी) के तहत कोलकाता में साइंस सिटी के पास गिरफ्तार किया गया था। उत्तर 24 परगना जिला प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए संदेशखालि के संवेदनशील इलाकों में निषेधाज्ञा लागू कर दी है।
सिद्दीकी ने संवाददाताओं से कहा, “मुझे नहीं पता कि उन्होंने मुझे क्यों गिरफ्तार किया है। यह संदेशखालि से कई किलोमीटर दूर है। मैं संदेशखालि के ग्रामीणों से मिलने के लिए वहां जा रहा था। मैंने कोई नियम या कानून नहीं तोड़ा।” विधायक ने कहा, “उन्होंने मुझे संदेशखालि से 62 किलोमीटर दूर रोका लेकिन राज्य के दो मंत्री पार्थ भौमिक और सुजीत बोस जब वहां गए तो उन्होंने उन्हें नहीं रोका। पुलिस सिर्फ विपक्ष को संदेशखालि जाने से रोक रही है। वे क्या छिपाने की कोशिश कर रहे हैं?”
सिद्दीकी अपने दो सुरक्षा गार्डों के साथ सुबह करीब नौ बजे साइंस सिटी पहुंचे जब कोलकाता पुलिस की एक बड़ी टुकड़ी ने उन्हें रोक दिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “संदेशखालि के कुछ इलाकों में दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। हम लोगों को उन क्षेत्रों में जाने की अनुमति देकर कानून- व्यवस्था में व्यवधान की अनुमति नहीं दे सकते। इसलिए उन्हें (सिद्दीकी को) रोका गया।”
आईएसएफ विधायक को लालबाजार में कोलकाता पुलिस मुख्यालय ले जाया गया। सिद्दीकी की गिरफ्तारी की आलोचना करते हुए माकपा के वरिष्ठ नेता सुजन चक्रवर्ती ने आरोप लगाया कि पुलिस सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के निर्देश पर काम कर रही है। भाजपा नेता समिक भट्टाचार्य ने पुलिस प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा, “टीएमसी शासन के तहत, पश्चिम बंगाल में अराजकता व्याप्त है। उन्होंने (पुलिस ने) हमारे नेता (पार्टी प्रदेश अध्यक्ष) सुकांत मजूमदार के साथ भी यही किया।”
Similar Post
-
कांग्रेस डूबता जहाज नहीं, पार्टी को मज़बूत बनाने के लिए अलग हुए नेताओं को फिर एकजुट होना चाहिए: राउत
पुणे, शनिवार, 13 जून 2026। शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने शनिव ...
-
अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास पर तलाशी, तृणमूल ने 'राजनीतिक प्रतिशोध' का आरोप लगाया
कोलकाता, शनिवार, 13 जून 2026। पश्चिम बंगाल पुलिस और केंद्रीय बल ...
-
निर्मला सीतारमण ने उडुपी के श्रीकृष्ण मठ में पूजा-अर्चना की
उडुपी (कर्नाटक), शनिवार, 13 जून 2026। केंद्रीय वित्त मंत्री निर् ...
