केजरीवाल के साथ ‘दुर्व्यवहार’ के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया
नई दिल्ली, बुधवार, 24 अप्रैल 2024। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ तिहाड़ जेल में हो रहे कथित दुर्व्यवहार के खिलाफ बुधवार को आईटीओ चौक पर विरोध प्रदर्शन कर रहे तीन आप कार्यकर्ताओं को कुछ देर के लिए हिरासत में ले लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल आबकारी नीति 2021 से जुड़े धन शोधन मामले में तिहाड़ में बंद हैं। उन्हें प्रवर्तन निदेशालय ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आप विधायक कुलदीप कुमार ने इस विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व किया था। दर्जनों कार्यकर्ता सुबह करीब नौ बजे आईटीओ चौक स्थित आप मुख्यालय पर एकत्र हुए थे। इनमें से कुछ डॉक्टर थे, जिन्होंने अपने सफेद कोट पहने हुए थे। अधिकारी ने बताया कि अपने हाथों में तख्तियां लिए हुए प्रदर्शनकारियों ने केजरीवाल को इंसलिन मुहैया कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि जब वे दीनदयाल उपाध्याय मार्ग की ओर आ रहे थे तो पुलिस ने उन्हें वहीं रोक दिया। पुलिस ने उनमें से तीन को हिरासत में ले लिया और कुलदीप कुमार सहित अन्य लोगों को वहां से खदेड़ दिया।
उन्होंने कहा कि हिरासत में लिए गए तीन लोगों में दो डॉक्टर थे। उन्हें पास के पुलिस थाने में ले जाया गया, लेकिन थोड़ी देर बाद ही उन्हें रिहा कर दिया गया। पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से आप के उम्मीदवार कुलदीप कुमार ने पीटीआई-भाषा से कहा कि वे केवल हाथों में तख्तियां लेकर खड़े थे तो ऐसे में उन्हें प्रशासन से अनुमति लेने की जरुरत नहीं थी। कुमार ने कहा, ”दिल्ली के लोग पूछ रहे हैं कि केंद्र सरकार तिहाड़ में केजरीवाल की जान से क्यों खेल रही है? बिना किसी सबूत के उन्हें क्यों गिरफ्तार किया गया। लोग (केंद्र सरकार को) अपने वोट से जवाब देने के लिए तैयार हैं।”
Similar Post
-
गहलोत ने कोटा के अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं के इलाज का मुद्दा उठाया
जयपुर, मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री ...
-
एनएसयूआई ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बेंगलुरु में प्रदर्शन किया
बेंगलुरु, मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026। कांग्रेस से संबद्ध भारतीय र ...
-
ई-संजीवनी के जरिए ऑनलाइन चिकित्सा परामर्श लेने वालों में 57 प्रतिशत से अधिक महिलाएं
नई दिल्ली, मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026। ई-संजीवनी के जरिए चिकित्सा ...
