हिप्र: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, कांग्रेस उम्मीदवार विनोद सुल्तानपुरी ने नामांकन दाखिल किया
हमीरपुर/शिमला (हिप्र), सोमवार, 13 मई 2024। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर लोकसभा सीट और कांग्रेस उम्मीदवार विनोद सुल्तानपुरी ने शिमला (अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित) लोकसभा सीट के लिए सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने के दौरान ठाकुर के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं उनके भाई अरुण धूमल भी मौजूद रहे। ठाकुर हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर लोकसभा सीट से पांचवीं बार अपना कार्यकाल सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं। नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले ठाकुर ने मां अवाहदेवी के मंदिर में पूजा-अर्चना की और कई स्थानों पर लोगों को संबोधित किया। सैकड़ों पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने फूल मालाओं से उनका स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं।
कांग्रेस ने अनुराग ठाकुर के खिलाफ ऊना के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा को अपना उम्मीदवार बनाया है। शिमला में कसौली से मौजूदा विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने शिमला (अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित) लोकसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार के साथ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, पार्टी की प्रदेश इकाई की प्रमुख प्रतिभा सिंह और कैबिनेट मंत्री हर्षवर्धन चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सुल्तानपुरी के नामांकन दाखिल करने के बाद सुक्खू ने मीडियाकर्मियों से कहा कि राज्य में लोकसभा चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के सभी चार उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह कोई सामान्य चुनाव नहीं है। यह लोकतंत्र को बचाने और देश की राजनीति को दिशा देने का चुनाव है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार को गिराने के लिए धन-बल का इस्तेमाल किया। हिमाचल प्रदेश की सभी चार लोकसभा सीट पर मतदान सातवें चरण के तहत एक जून को होगा। उसी दिन, राज्य की उन छह विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव होगा जो कांग्रेस के बागी विधायकों को अयोग्य घोषित किए जाने के बाद खाली हो गई थीं।
Similar Post
-
कांग्रेस डूबता जहाज नहीं, पार्टी को मज़बूत बनाने के लिए अलग हुए नेताओं को फिर एकजुट होना चाहिए: राउत
पुणे, शनिवार, 13 जून 2026। शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने शनिव ...
-
अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास पर तलाशी, तृणमूल ने 'राजनीतिक प्रतिशोध' का आरोप लगाया
कोलकाता, शनिवार, 13 जून 2026। पश्चिम बंगाल पुलिस और केंद्रीय बल ...
-
निर्मला सीतारमण ने उडुपी के श्रीकृष्ण मठ में पूजा-अर्चना की
उडुपी (कर्नाटक), शनिवार, 13 जून 2026। केंद्रीय वित्त मंत्री निर् ...
