ओडिशा विधानसभा चुनाव में जनादेश को पार्टी ने तहे दिल से स्वीकार किया: कांग्रेस नेता
भुवनेश्वर, गुरुवार, 06 जून 2024। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय कुमार ने बृहस्पतिवार को कहा कि पार्टी ने हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में ओडिशा की जनता के फैसले को तहे दिल से स्वीकार कर लिया है। कांग्रेस ओडिशा विधानसभा की 147 सीट में से सिर्फ 14 पर ही सीट हासिल कर पाई है। एक संवाददाता सम्मेलन में कुमार ने कहा, ‘‘हम हाल ही में संपन्न हुए चुनाव में ओडिशा की जनता के फैसले को तहे दिल से स्वीकार करते हैं। लेकिन, हम लोगों को आगाह करना चाहते हैं वे अपना जल, जंगल और पानी खोने जा रहे हैं क्योंकि भाजपा राज्य में सरकार बनाने जा रही है।’’
उन्होंने ओडिशा के लोगों को आश्वासन दिया कि कांग्रेस ओडिशा के लोगों तथा उनके संसाधनों की रक्षा के लिए अगले पांच वर्षों तक विधानसभा के अंदर और बाहर रहकर संघर्ष करेगी। कुमार ने कहा, ‘‘हमारे 14 नवनिर्वाचित विधायक, 140 विधायकों की तरह लड़ेंगे और वे ओडिशा की जनता के लिए डटकर खड़े होंगे और उनकी रक्षा करेंगे।’’ वर्ष 2019 के ओडिशा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने नौ सीट जीती थीं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा ओडिशा की आदिवासी भूमि और प्राकृतिक संसाधनों का दोहन करेगी।
लोकसभा सीट के नतीजों को लेकर कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘देश की जनता ने भाजपा को उसकी असली जगह दिखा दी। कांग्रेस ने यह चुनाव न केवल भाजपा के खिलाफ लड़ा है, बल्कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो, आयकर विभाग जैसी केंद्रीय एजेंसियों के खिलाफ भी लड़ा है। अगर कांग्रेस के लिए बराबरी का मौका होता, तो हम लोकसभा चुनाव में 400 सीट जीत सकते थे।’’ ओडिशा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर कुमार ने कहा कि कांग्रेस के कई उम्मीदवार मामूली अंतर से ही चुनाव हारे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी नेताओं को संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी, जबकि अंदर खाते पार्टी के खिलाफ काम करने वाले नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Similar Post
-
गहलोत ने कोटा के अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं के इलाज का मुद्दा उठाया
जयपुर, मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री ...
-
एनएसयूआई ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बेंगलुरु में प्रदर्शन किया
बेंगलुरु, मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026। कांग्रेस से संबद्ध भारतीय र ...
-
ई-संजीवनी के जरिए ऑनलाइन चिकित्सा परामर्श लेने वालों में 57 प्रतिशत से अधिक महिलाएं
नई दिल्ली, मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026। ई-संजीवनी के जरिए चिकित्सा ...
