भाजपा को अब कोई समर्थन नहीं : पटनायक ने बीजद के राज्यसभा सदस्यों से कहा
भुवनेश्वर, सोमवार, 24 जून 2024। बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने सोमवार को अपनी पार्टी के नौ राज्यसभा सदस्यों के साथ बैठक की और उनसे 27 जून से शुरू होने वाले संसद के ऊपरी सदन के आगामी सत्र के दौरान एक ‘‘जीवंत और मजबूत’’ विपक्ष की भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक में पटनायक ने सांसदों से राज्य के हितों से संबंधित मुद्दों को उचित तरीके से उठाने को भी कहा।
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए राज्यसभा में पार्टी के नेता सस्मित पात्रा ने कहा, ‘‘इस बार बीजद सांसद केवल मुद्दों पर बोलने तक ही सीमित नहीं रहेंगे, अगर केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ओडिशा के हितों की अनदेखी करती है तो वे आंदोलन करने के लिए दृढ़ हैं।’’ उन्होंने कहा कि ओडिशा को विशेष दर्जा देने की मांग उठाने के अलावा बीजद सांसद राज्य में खराब मोबाइल कनेक्टिविटी और बैंक शाखाओं की कम संख्या का मुद्दा भी उठाएंगे। पात्रा ने कहा, ‘‘पिछले 10 सालों से ओडिशा की कोयला रॉयल्टी में संशोधन की मांग को केंद्र सरकार ने नजरअंदाज किया है। इससे राज्य के लोगों को भारी नुकसान हो रहा है और वे अपने हक के हिस्से से वंचित हैं।’’ उन्होंने कहा कि राज्यसभा में नौ सांसद मजबूत विपक्ष के रूप में काम करेंगे।
जब पात्रा से पूछा गया कि क्या बीजद भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार को मुद्दा आधारित समर्थन देने के अपने पहले के रुख पर कायम रहेगी, तो उन्होंने कहा, ‘‘अब भाजपा को कोई समर्थन नहीं, केवल विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। हम ओडिशा के हितों की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।’’ बाद में पात्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘भाजपा को समर्थन देने का कोई सवाल ही नहीं है। बीजद अध्यक्ष ने हमसे कहा कि अगर राजग सरकार ओडिशा की वास्तविक मांगों को नजरअंदाज करना जारी रखती है, तो हमें एक मजबूत और जीवंत विपक्ष के रूप में काम करना चाहिए।’’
Similar Post
-
गहलोत ने कोटा के अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं के इलाज का मुद्दा उठाया
जयपुर, मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री ...
-
एनएसयूआई ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बेंगलुरु में प्रदर्शन किया
बेंगलुरु, मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026। कांग्रेस से संबद्ध भारतीय र ...
-
ई-संजीवनी के जरिए ऑनलाइन चिकित्सा परामर्श लेने वालों में 57 प्रतिशत से अधिक महिलाएं
नई दिल्ली, मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026। ई-संजीवनी के जरिए चिकित्सा ...
