जम्मू-कश्मीर: डोडा में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया
भद्रवाह/जम्मू, बुधवार, 26 जून 2024। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के एक वन क्षेत्र में बुधवार को जारी मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पहाड़ी जिले में 11 और 12 जून को हुए दोहरे आतंकवादी हमले के बाद पुलिस, सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा गहन तलाशी और घेराबंदी अभियान चलाया जा रहा था। इसी तलाशी अभियान के दौरान सुबह नौ बज कर 50 मिनट पर गंडोह क्षेत्र के बजाद गांव में गोलीबारी शुरू हुई।
चत्तरगल्ला में एक संयुक्त जांच चौकी पर 11 जून को आतंकियों के हमले में छह सुरक्षा कर्मी घायल हो गए थे, जबकि अगले दिन गंडोह क्षेत्र के कोटा टॉप पर आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया था। दोहरे आतंकी हमले के बाद से ही घाटी में सुरक्षाबलों ने आतंकवाद विरोधी अभियान तेज कर दिया है। उन चार आतंकवादियों पर पांच-पांच लाख रुपये का नकद इनाम भी घोषित किया गया है जिनके बारे में कहा जा रहा है कि वे घुसपैठ के बाद जिले में सक्रिय हैं। अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों की मदद से पुलिस ने सिनू पंचायत गांव में आंतकवादियों के खिलाफ अभियान चलाया, लेकिन एक ‘ढोक’ (मिट्टी के घर) में छिपे आतंकवादियों की ओर से भारी गोलीबारी की गई। एक आतंकी ने बाहर आकर सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। तभी सुरक्षाबलों द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।
अधिकारियों ने बताया कि अंतिम रिपोर्ट मिलने तक सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच गोलीबारी जारी थी। उन्होंने बताया कि निगरानी के लिए सेना का एक हेलीकॉप्टर भी इलाके में चक्कर लगाते नजर आया है। इसी बीच, अधिकारियों ने बताया कि राजौरी जिले के चिंगस इलाके के पिंड गांव से एक चीनी हथगोला बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों के गश्ती दल ने मंगलवार शाम को यह ग्रेनेड बरामद किया।
Similar Post
-
गहलोत ने कोटा के अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं के इलाज का मुद्दा उठाया
जयपुर, मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री ...
-
एनएसयूआई ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बेंगलुरु में प्रदर्शन किया
बेंगलुरु, मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026। कांग्रेस से संबद्ध भारतीय र ...
-
ई-संजीवनी के जरिए ऑनलाइन चिकित्सा परामर्श लेने वालों में 57 प्रतिशत से अधिक महिलाएं
नई दिल्ली, मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026। ई-संजीवनी के जरिए चिकित्सा ...
