अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू से 1,600 से अधिक तीर्थयात्री रवाना
जम्मू, रविवार, 28 जुलाई 2024। दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर में बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए 1,677 तीर्थयात्रियों का नया जत्था भारी बारिश के बीच रविवार को जम्मू के एक आधार शिविर से रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं के 31वें जत्थे में 1,300 से अधिक पुरुष, 200 महिलाएं, दो बच्चे और 104 साधू-साध्वी शामिल हैं। ये श्रद्धालु केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की सुरक्षा में 67 वाहनों में तड़के तीन बजकर 35 मिनट पर भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुए।
अधिकारियों के मुताबिक, 1,269 तीर्थयात्रियों ने यात्रा के लिए अनंतनाग जिले में 48 किलोमीटर लंबा पारंपरिक पहलगाम मार्ग चुना है, जबकि 408 तीर्थयात्री अपेक्षाकृत छोटे (14 किलोमीटर के) लेकिन कठिन बालटाल मार्ग से बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आगे बढ़ेंगे। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 28 जून को जम्मू से पहले जत्थे को रवाना किया था। तब से 1,36,984 तीर्थयात्री जम्मू आधार शिविर से रवाना हुए हैं। इस साल अब तक 4.51 लाख से अधिक श्रद्धालु 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित गुफा मंदिर में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। यह यात्रा इस साल एक महीने से कम समय में 4.5 लाख श्रद्धालुओं के पिछले साल के आंकड़े को पार कर चुकी है। यह 52 दिवसीय यात्रा औपचारिक रूप से 29 जून को शुरू हुई थी और इसका समापन 19 अगस्त को होगा।
Similar Post
-
जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग आंशिक रूप से बहाल, 3,886 अमरनाथ श्रद्धालु जम्मू से रवाना
जम्मू, रविवार, 02 अगस्त 2026। लगातार बारिश के कारण दो दिनों तक बं ...
-
मजदूरों के हत्यारों के नामों सार्वजनिक किये जायें : फारूक अब्दुल्ला
श्रीनगर, रविवार, 02 अगस्त 2026। नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के अध्य ...
-
भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा आबादी है: जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल
श्रीनगर, रविवार, 02 अगस्त 2026। जम्मू कश्मीर के उप-राज्यपाल मनो ...
